यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस का अहम ऐलान, राज बब्बर होंगे प्रदेश अध्यक्ष

यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस का अहम ऐलान, राज बब्बर होंगे प्रदेश अध्यक्ष

कांग्रेस नेता राज बब्बर की फाइल तस्वीर

खास बातें

  • कांग्रेस ने राज बब्बर को बनाया यूपी कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष
  • प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा, कोई न कोई सीएम का चेहरा जरूर होगा
  • राजेश मिश्र को प्रदेश कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया
नई दिल्ली:

कांग्रेस ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अहम घोषणा करते हुए राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस के इस ऐलान के साथ ही पिछले कई महीनों के सस्पेंस से पर्दा उठ गया है। प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कई नामों पर गहन विचार के बाद आखिरकार राज बब्बर को चुनने के पीछे कांग्रेस ने उनकी अखिल भारतीय छवि बताई।

प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने राज बब्बर के उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य होने के सवाल पर कहा कि बब्बर पैदाइशी रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वह तीन बार यूपी से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य रहे हैं और इस बार वह उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य हैं।
(पढ़ें : यूपी चुनाव में कांग्रेस को अभी भी प्रचार नीति की तलाश...)

प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर प्रमोद तिवारी से लेकर जितिन प्रसाद तक करीब आधा दर्जन नामों की चर्चा चली, लेकिन राज बब्बर को आगे कर कांग्रेस ने पहली गोटी चली चली है। इनकी पहचान किसी जाति से नहीं जुड़ी है। वहीं, राजाराम पाल, भगवती प्रसाद, राजेश मिश्र और इमरान मसूद को उपाध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने जाति और धर्म के समीकरण को भी साधने की कोशिश की है।

सबसे बड़ा सवाल प्रियंका गांधी की भूमिका को लेकर था, जो मंगलवार को आजाद से मिलने उनके घर पहुंची। इस सवाल को आजाद फिलहाल टालते नजर आए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कोई न कोई सीएम चेहरा जरूर होगा। (पढ़ें : गुलाम नबी आजाद से मिलीं प्रियंका गांधी, अटकलें तेज)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com