यह ख़बर 16 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

हमने केजरीवाल को दहेज में आठ विधायक दिए, लेकिन दूल्हा भाग जाए तो क्या करें : सलमान खुर्शीद

सलमान खुर्शीद की फाइल फोटो

फर्रुखाबाद:

विदेशमंत्री सलमान खुर्शीद ने दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी सरकार की तरफ से पेश किए गए जनलोकपाल विधेयक के विरोध में कांग्रेस और भाजपा के मतदान करने पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दोनों दलों पर मिलीभगत करने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा के लिए सभी दल एक हो जाते हैं।

डॉ. जाकिर हुसैन ट्रस्ट की ओर से आज शुरू हुए पांच दिवसीय विकलांग शिविर का उद्घाटन करने के बाद सलमान ने संवाददाताओं से बातचीत में चुटकी लेते हुए कहा, 'हमने तो केजरीवाल को समर्थन दिया था। आठ विधायक दहेज के रूप में दिये थे, अब दूल्हा भाग जाए तो हम क्या कर सकते हैं।'

जनलोकपाल विधेयक का विरोध करने पर केजरीवाल द्वारा भाजपा और कांग्रेस में साठगांठ के आरोप के बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'संविधान की रक्षा के लिए सभी दल एक हो जाते हैं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हाल ही में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई अमेरिकी राजदूत नैंसी पॉवेल की मुलाकात के बारे में कोई प्रतिक्रिया व्यक्त करने की बजाय सलमान ने इसे एक सामान्य बात बताया। देश के विदेश मंत्री खुर्शीद ने यह भी जानकारी दी कि अब भारत पोलियो मुक्त देश घोषित हो चुका है। इसलिए विदेश से भारत आने वालों को पोलियो की दवा पीनी पड़ेगी।