यह ख़बर 09 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भारत तभी कांग्रेस मुक्त होगा जब उसे भाजपा युक्त करेंगे : अमित शाह

नई दिल्ली:

भाजपा ने पिछले छह दशकों से देश में छाई कांग्रेस की विचारधारा को अपनी विचारधारा से बदलने का आज आह्वान करते हुए कहा कि राजनीति से कांग्रेस की संस्कृति को हटाने के लिए अब समाज पर उसके (भाजपा के) विचारों के प्रभाव का निर्माण होना चाहिए।

लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की पहली राष्ट्रीय परिषद की बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी जी ने भारत को कांग्रेस से मुक्त करने का आह्वान किया था...मगर भारत कांग्रेस मुक्त तभी होगा, जब हम उसे भाजपा युक्त करेंगे।

उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के लिए कमर कस लेने की बात करते हुए कहा कि देश को कांग्रेस मुक्त करने का काम देश के कोने-कोने को भाजपा युक्त किए बगैर संभव नहीं होगा।

अमित शाह ने कहा, मेरा आग्रह है कि हम सभी इस कार्य में पूरी ताकत से जुट जाएं। हम एकजुट होकर काम करें, तो बस विजय ही विजय है। इससे पहले राष्ट्रीय परिषद ने भाजपा अध्यक्ष के रूप में अमित शाह के नाम का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।

अमित शाह ने कहा कि लोकसभा में हमारी जीत का वास्तविक विश्लेषण यह है कि हमारे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नरेंद्र मोदी ने विकास के प्रति जनता में जगी आकांक्षा के अनुरूप शानदार नेतृत्व किया। साथ ही कुशासन के प्रति जनता के आक्रोश को सफलतापूर्वक आवाज दी।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सुशासन के प्रतीक बने हैं। जनतांत्रिक शासन व्यवस्था में उन्होंने पुन: भरोसा स्थापित किया है। इसी का नतीजा है कि लोकसभा चुनाव में 130 वर्ष पुरानी कांग्रेस 12 राज्यों एवं सात केंद्रशासित प्रदेशों में अपना खाता भी नहीं खोल पाई। इस जनादेश ने जहां पहली बार किसी गैर कांग्रेसी पार्टी के रूप में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाया, वहीं कांग्रेस को विपक्ष के दर्जे तक से भी वंचित कर दिया।

शाह ने कहा, कई स्थानों पर भाजपा को मजबूत बनाने का काम अब भी बाकी है। अगर पार्टी की पहुंच नहीं बढ़ेगी, तो हम ज्यादा दिनों तक शासन में नहीं रह पाएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, हमारे नेता नरेंद्र भाई की क्षमता में पूरा विश्वास करते हुए 2014 के चुनाव परिणामों ने परिवारवाद या घरानेशाही की राजनीति को पराजित किया। साथ ही उन्होंने तुष्टीकरण एवं वोट बैंक की राजनीति को भी ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि वह बूथ स्तर से कार्य करते हुए आज भाजपा के अध्यक्ष बने हैं।

शाह ने कहा कि देश में 1200 से ज्यादा पार्टियां हैं और सभी के अध्यक्ष या तो किसी घराने से ताल्लुक रखते हैं या अकस्मात इस पर आसीन होते हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com