सोनिया गांधी पर गिरिराज के आपत्तिजनक बयान के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

नई दिल्ली:

गांधी परिवार के खिलाफ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज दिल्ली समेत कई शहरों में प्रदर्शन किया और गिरिराज सिंह को मंत्री पद से हटाने की मांग की।

दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने गिरिराज सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। विट्ठल भाई पटेल हाउस परिसर स्थित गिरिराज सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी और गिरिराज सिंह के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जल्द ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बैनर छीन लिए और गिरिराज सिंह के पुतले को आग लगाने के प्रयास को असफल कर दिया। बाद में उन्हें पुलिस बसों में भरकर ले जाया गया।

मुंबई में कांग्रेस ने संजय निरुपम की अगुवाई में प्रदर्शन किया। वहीं पटना में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को गिरिराज सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन किया और हंगामा किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरिराज सिंह के घर पर लगा पोस्टर फाड़ दिया और अंडे फेंके।

गिरिराज सिंह ने बिहार के हाजीपुर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। गिरिराज सिंह ने कहा था कि अपने गोरे रंग के कारण सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष बनी हैं।

सोनिया पर टिप्पणी करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, 'अगर राजीव गांधी किसी नाइजीरियाई महिला से शादी किए होते, जो गोरी चमड़ी वाली नहीं होती... तो क्या कांग्रेस पार्टी उनका नेतृत्व स्वीकार करती?' बाद में गिरिराज सिंह को उस वक्त अपने बयान पर खेद जताना पड़ा, जब बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें फोन कर साफ कहा कि ऐसी भाषा स्वीकार्य नहीं है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com