यह ख़बर 03 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सोनिया की मोदी सरकार को खरी-खरी, पूछे कई सवाल

खास बातें

  • सोनिया ने मोदी सरकार पर निशाना बोलते हुए कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, सिर्फ हमारे खिलाफ हैं। क्यों अब तक गुजरात में लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हुई है।
अहमदाबाद:

सोनिया गांधी ने आज गुजरात में कांग्रेस का चुनावी बिगुल फूंक दिया। सोनिया ने नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना गुजरात सरकार पर जमकर निशाना साधा और उसकी कामयाबियों के दावों की धज्जियां उड़ाने की कोशिश की।

राजकोट में किसानों को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि गुजरात के विकास की नींव कांग्रेस ने ही रखी है। विरोधी तो सिर्फ बरबादी की बात करते हैं, लेकिन हमें विरोधियों की परवाह नहीं। हमें गांधी जी साहस मिला है।

उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना बोलते हुए कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, सिर्फ हमारे खिलाफ हैं। क्यों अब तक गुजरात में लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हुई है। कांग्रेस ने जो इस देश के लिए किया है, वह किसी ने नहीं किया।

सोनिया ने मोदी सरकार पर सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने पूछा कि आखिर किसानों को उनकी पैदावार का उचित दाम क्यों नहीं मिलता। किसानों की फसल को बिना बिचौलिए के सीधे बाजारों तक पहुंचाया जा सके इसके लिए ही रिटेल में एफडीआई को लाया गया है।

उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर गुजरात सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नौ सब्सिडी वाले सिलेंडर गुजरात में क्यों नहीं मिल रहे हैं। आखिर क्यों गुजरात में वैट सबसे ज्यादा है?

सिंचाई की समस्या पर उन्होंने सवाल किया कि आखिर सौराष्ट्र को अब तक पानी क्यों नहीं मिला है। केन्द्र सरकार की तरफ से गुजरात को ज्यादा फंड भी दिया गया, लेकिन विकास अब तक क्यों नहीं हुआ है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आखिर में उन्होंने कहा कि गुजरात में महिलाएं अब तक सुरक्षित क्यों नहीं हैं.... इन्ही सवालों के साथ सोनिया ने मोदी सरकार को ललकारा है।