पेरिस हमला : केजरीवाल ने कहा- ऐसे हमलों के खिलाफ लड़ना चाहिए; राजनाथ बोले-हम फ्रांस के साथ हैं

पेरिस हमला : केजरीवाल ने कहा- ऐसे हमलों के खिलाफ लड़ना चाहिए; राजनाथ बोले-हम फ्रांस के साथ हैं

नई दिल्ली:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पेरिस में हुए आतंकी हमलों को मानवता पर हमला करार देते हुए इसकी निंदा की है और कहा है कि पूरे विश्व को एकजुट होना चाहिए और ऐसे आतंकी कृत्यों के खिलाफ लड़ना चाहिए। वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पेरिस में हुए आतंकी हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत संकट की इस घड़ी में फ्रांस की जनता के साथ खड़ा है।

पढ़ें पेरिस हमले से जुड़ी पूरी की पूरी खबर और अपडेट

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘पेरिस में मासूमों पर किए गए कायराना हमलों के बारे में जानकर धक्का लगा। पूरे विश्व को एकजुट होना चाहिए और ऐसे आतंकी कृत्यों के खिलाफ लड़ना चाहिए।’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पेरिस हमला पूरी मानवता पर बोला गया हमला है। किसी भी तरह का रूढ़िवाद समाज का सबसे बुरा शत्रु है। आइए, हम सब पेरिस के निवासियों के लिए प्रार्थना करें।’

वहीं गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पेरिस में हुए आतंकी हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि भारत संकट की इस घड़ी में फ्रांस की जनता के साथ खड़ा है। गृह मंत्री ने एक बयान में कहा कि पेरिस में आतंकी हमलों की खबर सुन कर उन्हें गहरी व्यथा हुई है और जिसमें 120 से अधिक लोगों की जान चली गई।

उन्होंने कहा, ‘संकट की इस घड़ी में भारत की जनता फ्रांस की जनता के साथ दृढ़तापूर्वक खड़ी है। ऐसे क्रूरतम हमलों की निंदा करने के लिए शब्द भी पर्याप्त नहीं हो सकते जिनमें बेकसूर लोगों की जान ली गई हो।’’ सिंह ने मृतकों के परिवार वालों के लिए हृदय से संवेदनाएं व्यक्त की हैं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फ्रांस की राजधानी पेरिस में संगीत समारोह में शिरकत करने जाने वाले युवाओं, फुटबॉल प्रेमियों और रात्रिकालीन मनोरंजन के मशहूर ठिकानों पर जुटने वाले पेरिसवासियों को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कई हमले बोले गए। इन हमलों में कम से कम 120 लोग मारे गए। फ्रांस में हुई यह हिंसा दूसरे विश्वयुद्ध के बाद से अब तक की सबसे भयावह हिंसा है।