मध्य प्रदेश : पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सहित पूरे परिवार का नाम BPL लिस्ट में

मध्य प्रदेश : पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सहित पूरे परिवार का नाम BPL लिस्ट में

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की फाइल फोटो

खास बातें

  • गरीबों को गैस सिलेंडर दिए जाने के लिए भेजी गई लिस्ट से हुआ खुलासा
  • पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसे साजिश करार दिया है
  • दिग्विजय ने साथ ही कहा कि वह और उनके परिवार के सदस्य आयकरदाता हैं
भोपाल:

कांग्रेस महासचिव और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके परिवार का नाम गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवारों की सूची में है। यह खुलासा केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को गैस सिलेंडर दिए जाने के लिए भेजी गई सर्वेक्षण सूची से हुआ है। यह सूची संबंधित गैस वितरक को भेजी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने हालांकि इसे साजिश करार दिया है।

दिग्विजय का परिवार गुना जिले के राघौगढ़ का निवासी है। यहां के गैस संचालक को गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों की जो सूची भेजी गई है, उसमें दिग्विजय और उनके परिवार के सदस्यों के नाम हैं। इसमें उनके बेटे विधायक जयवर्धन सिंह का नाम भी शामिल है।

दिग्विजय सिंह ने शनिवार को ट्वीट और एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने गरीबों को गैस कनेक्शन देने के लिए भारत सरकार की उज्ज्वला योजना में अपना और अपने परिवार का नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति की है। सिंह ने इसे एक साजिश बताते हुए कहा कि सरकार उन्हें कभी झूठे मुकदमे में फंसा रही है, तो कभी अलग-अलग तरीके से बदनाम करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की सूची में नाम उनका नाम जोड़ना भी इसी साजिश का हिस्सा है।

दिग्विजय ने आगे कहा कि वह और उनके परिवार के सदस्य आयकरदाता हैं। उन्होंने न तो कभी बीपीएल सूची में नाम जोड़ने के लिए कोई अर्जी दी है और न ही बीपीएल परिवारों के लिए चल रही योजनाओं का कभी कोई लाभ लिया है। उन्होंने कहा, 'मेरे खिलाफ इस तरह की साजिश के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मुझसे माफी मांगना चाहिए।'

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com