यह ख़बर 19 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर भारत गर्मी से बेहाल, ओडिशा में लू से 4 की मौत

खास बातें

  • पारा चढ़ने के कारण पूरा उत्तर भारत इन दिनों गर्मी से बेहाल है। कड़ी धूप से लोग तप रहे हैं। सबसे बुरी हालत ओडिशा की है जहां लू लगने से कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है।
नई दिल्ली:

पारा चढ़ने के कारण पूरा उत्तर भारत इन दिनों गर्मी से बेहाल है। कड़ी धूप से लोग तप रहे हैं। सबसे बुरी हालत ओडिशा की है जहां लू लगने से कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य के बहुत से स्थानों का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। हालांकि शनिवार को कुछ स्थानों पर तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। लेकिन पारा 40 डिग्री के आसपास बना रहा और लोगों को राहत नहीं मिलती दिख रही है।

ओडिशा के बोलनगीर, अंगुल, जाजपुर और सुबर्नपुर जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में लू लगने से एक-एक व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि की है। इनमें से तीन मौते इस महीने जबकि एक मौत अप्रैल में हुई।

तितलागढ़ का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह इस मौसम में दिन का अब तक सबसे ज्यादा तापमान है।

दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "यहां का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।" सुबह 8.30 बजे 39 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के सभी हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। हालांकि तापमान में थोड़ी गिरावट आई है लेकिन पारा लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है, जिससे सुबह से ही धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं।

शनिवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान से आ रही धूल भरी पछुआ हवाओं के कारण तापमान बढ़ रहा है।

हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है। बांदा का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 43.3 डिग्री सेल्सियस, इटावा का 43.8 डिग्री सेल्सियस और राजधानी लखनऊ का 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पटना सहित बिहार के करीब सभी इलाकों में पिछले एक सप्ताह से गर्मी का दौर जारी है। हालांकि शुक्रवार को तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई थी। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह पटना और भागलपुर का न्यूनतम तापमान 28-28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया का न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गया शुक्रवार को राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान था, जहां का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि गुरुवार को यह 44.9 डिग्री सेल्सियस था। पटना का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए़ क़े सेन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में हवा का दबाव बनने की संभावना है, जिसे शनिवार को बिहार पहुंचने की उम्मीद है। इस दबाव के कारण ही तापमान में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई थी, जो आज भी बना रहेगी। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में बारिश भी होने का अंदेशा है।