यह ख़बर 24 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुरली देवड़ा का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

मुरली देवड़ा की फाइल फोटो

मुंबई:

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी तथा दो बेटे हैं जिनमें पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा भी शामिल हैं।

मुरली भाई के रूप में जाने जाने वाले मुरली देवड़ा ने सुबह 3 बजकर 25 मिनट पर अंतिम सांस ली। वह बीमार चल रहे थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें दो दिन पहले ही अस्पताल से घर पर लाया गया था। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

मुरली देवड़ा के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक संदेश में कहा, एक समर्पित नेता, मुरली देवड़ा के जोशीले स्वभाव ने उन्हें पार्टी से इतर लोकप्रिय बनाया था। उनके निधन की खबर दुखद है। उनकी आत्मा को शांति मिले। मैं मिलिंद देवड़ा और देवड़ा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

मुरली देवड़ा के पार्थिव शरीर को मुंबई कांग्रेस कार्यालय में रखा जाएगा जहां पार्टी कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक अपने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। बाद में दिन में उनका अंतिम संस्कार चंदनवाड़ी शमशान घाट पर किया जाएगा।

अपने दशकों लंबे राजनीतिक करियर में कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभालने वाले देवड़ा ने पहली बार 1975 में मुंबई में नगर निकाय का चुनाव लड़ा था।

अर्थशास्त्र में स्नातक डिग्रीधारी देवड़ा 1977 से 78 के बीच मुंबई के मेयर रहे और दक्षिण मुंबई से चार बार लोकसभा के लिए चुने गए। इसी सीट का प्रतिनिधित्व उनके बेटे मिलिंद ने किया जो पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं।

देवड़ा इस समय राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपना तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवड़ा ने संप्रग 1 सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री का पदभार संभाला था। वह 22 सालों तक मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे।

70 की उम्र को पार करने से कुछ ही समय पहले उन्हें 2006 में केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया गया था। उन्होंने म्यामांर, अल्जीरिया और मिस्र के साथ तेल डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया और सूडान, चाड़, इथियोपिया तथा कोमोरोस के मंत्रियों के साथ वार्ताएं कीं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

देवड़ा ने नवंबर 2007 में पहली भारत-अफ्रीका हाइड्रोकार्बन कांफ्रेंस और प्रदर्शनी की मेजबानी भी की थी। जुलाई 2011 में देवड़ा संचार और सूचना तकनीक राज्य मंत्री बनाए गए।