JNU प्रोफेसर के चलते रद्द नहीं हुआ झारखंड की राज्यपाल का कार्यक्रम : राजभवन

JNU प्रोफेसर के चलते रद्द नहीं हुआ झारखंड की राज्यपाल का कार्यक्रम : राजभवन

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू (फाइल फोटो)

रांची:

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रांची स्थित झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के एक कार्यक्रम में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के एक विवादित प्रोफेसर को आमंत्रित करने के चलते अपना कार्यक्रम रद्द नहीं किया था बल्कि वह उस दिन की अपनी पूर्व व्यस्तता के चलते कार्यक्रम में नहीं जा सकी थीं।

राजभवन से जारी एक विज्ञप्ति में बुधवार शाम बताया गया कि कुछ अखबारों में इस प्रकार की भ्रामक खबर प्रकाशित हुई है कि सरदार पटेल के 140वें जयंती वर्ष से जुड़े सीयूजे के एक कार्यक्रम में राज्यपाल इसलिए शामिल नहीं हुईं, क्योंकि उक्त कार्यक्रम में जेएनयू के एक विवादास्पद प्रोफेसर एन.एम. पाणिनी को कार्यक्रम की संयोजक और अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष श्रेया भट्टाचार्य ने आमंत्रित कर लिया था।

ज्ञात हो कि इस मामले में प्रोफेसर श्रेया भट्टाचार्य को विश्वविद्यालय के कुलपति नंद कुमार यादव इंदु ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन कर दिया है।

राजभवन ने विज्ञप्ति में स्पष्ट किया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में अपनी व्यस्तता के चलते राज्यपाल ने सीयूजे के उक्त कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति नहीं दी थी। लिहाजा जेएनयू के प्रोफेसर को आमंत्रित करने के कारण उनका कार्यक्रम रद्द किए जाने की खबरें अप्रामाणिक और भ्रामक हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्यपाल के प्रधान सचिव एस.के. सत्पथी ने सीयूजे के कुलपति को लिखे पत्र में इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा है, जिससे मीडिया के माध्यम से जनता में गलत संदेश न जाए।

इस संबंध में पूछे जाने पर सीयूजे के कुलपति नंद कुमार यादव इंदु ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए बनाई गई तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट गुरुवार सुबह आ जाने की संभावना है, जिसके आधार पर श्रेया भट्टाचार्य के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन गुरुवार को ही कोई अंतिम फैसला लेगा।

सत्पथी ने कुलपति को भेजे पत्र में कहा कि श्रेया भट्टाचार्य के निलंबन पत्र में राज्यपाल के कार्यक्रम के रद्द होने की बात का उल्लेख खेदजनक है और इस तथ्य को निलंबन पत्र में तत्काल सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राजभवन से राज्यपाल के कार्यक्रम की संपुष्टि किसी भी स्तर पर नहीं की गई थी, लिहाजा उसके रद्द होने की बात करना भ्रामक है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)