यह ख़बर 08 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सईद मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड, उसे नहीं बख्शेंगे : हिलेरी

खास बातें

  • अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने माना है कि 26/11 का मास्टरमाइंड हाफिज सईद है और उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
नई दिल्ली:

अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने माना है कि 26/11 का मास्टरमाइंड हाफिज सईद है और उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह बात हिलेरी क्लिंटन ने भारतीय विदेश मंत्री एमएम कृष्णा से मुलाकात के बाद कही। हिलेरी ने साफ किया कि अमेरिका मानता है कि पाकिस्तान में बैठा लश्कर का आतंकवादी हाफिज सईद मुंबई हमलों का मुख्य साजिशकर्ता है और उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इसलिए अमेरिका ने उसके सिर पर इनाम रखा है।

हिलेरी के मुताबिक हाफिज के सिर पर इनाम रखने से उसके बारे में जानकारी मिलेगी और इस इनाम का मतलब साफ है कि हम इस मुद्दे पर पूरी तरह से भारत के साथ हैं। इसके अलावा हिलेरी ने माना कि पाकिस्तान में अब भी कई आतंकी संगठन मौजूद हैं जो भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं। अमेरिका ने यह भी कहा कि सुरक्षा मामलों पर दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने की जरूरत है। हिलेरी ने उम्मीद जाहिर की उन्हें अफगानिस्तान में भारत से और अधिक सहयोग मिलेगा। इसके अलावा अमेरिका ने उम्मीद जताई की भारत ईरान से अपने तेल आयात में और कमी लाएगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

साक्षा प्रेस वार्ता में भारत ने भी दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने की वकालत की। इस बातचीत में भारत ने एक बार फिर सीमा पार से जारी आतंकवाद को खत्म करने की मांग की। अफगानिस्तान के मुद्दे पर भारत ने अमेरिकी प्रयास की जमकर तारीफ करते हुए भारत ने साफ किया कि वह अफगानिस्तान के विकास में अपना सहयोग जारी रखेगा।