यह ख़बर 04 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अरुण जेटली के घर के बाहर 'आप' और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

नई दिल्ली:

बीजेपी के नेता अरुण जेटली के घर के बार आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया जिसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी के भी तमाम कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंच गए। आप पार्टी के लोग जहां जेटली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे वहीं, भाजपा को लोग अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते रहे।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने सोमवार को जेटली पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया था। साथ ही पार्टी ने सोमवार को यह ऐलान किया था कि वह आज से बीजेपी और कांग्रेस के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाएगी।

बता दें कि  आज सुबह जेटली के घर के बाहर अचानक आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन के शुरू होने के थोड़ी देर बाद वहां बीजेपी के कार्यकर्ता भी बड़ी तादाद में पहुंच गए। इन्होंने आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दिया।  भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने जनता के साथ धोखाधड़ी की है।

दो दलों के प्रदर्शन को देखते हुए जेटली के घर के बाहर भारी बंदोबस्त किया गया। पुलिस ने कई बार दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच मशक्कत से टकराव को टाला और बाद में दोनों दलों के लोगों को वहां से हटाया।

इससे पूर्व सोमवार को दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर आप पार्टी के विधायक मदन लाल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि पार्टी तोड़ने और अरविंद केजरीवाल की सरकार गिराने के लिए भाजपा ने 20 करोड़ रुपये की पेशकश की थी। मदन लाल का आरोप है कि उसके पास भाजपा नेता अरुण जेटली के करीबी लोग आए थे। लेकिन, अपने दावे को पुख्ता करने के लिए मदन लाल ने कोई सबूत पेश नहीं किया।

वहीं, आप पार्टी के इन आरोपों के बाद भाजपा नेता अरुण जेटली ने ट्वीट कर आरोपों का खंडन किया और कहा कि आप पार्टी आरंभ से झूठ पर राजनीति कर रही है।

कस्तूरबानगर से विधायक आप पार्टी के नेता मदन लाल ने कहा कि उन्हें सबसे पहले 7 दिसंबर को एक आदमी का फोन आया था। लाल का आरोप है कि फोन पर आदमी ने एक 'शक्तिशाली नेता' से मुलाकात करवाने की बात कही थी। बकौल लाल, जब उन्होंने उस नेता का नाम पूछा तब सामने वाले ने अरुण जेटली बताया था। इस पर लाल ने उस आदमी को डांटकर फोन को काट दिया। बता दें कि 7 तारीख को चुनाव परिणाम की घोषणा नहीं हुई थी। ठीक एक दिन बाद चुनाव परिणाम आए थे।

मदन लाल का आरोप है कि दस दिन बाद फिर दो आदमी उनसे मिलने आए जिन्होंने खुद को नरेंद्र मोदी और अरुण जेटली का आदमी बताया और कहा कि नौ विधायक लेकर अगर आप अलग दल बनाते हैं तो सभी वह मुख्यमंत्री बन सकते हैं और भाजपा उन्हें सरकार बनाने में पूरी मदद करेगी। इतना ही नहीं, मदन लाल का दावा है कि उन दोनों ने सभी अलग होने वाले आप विधायकों को 20-20 करोड़ रुपये देने की भी पेशकश की थी।

आप नेता मदन लाल ने कहा कि पार्टी के अन्य विधायकों से भी इसी प्रकार के संपर्क किए गए थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पार्टी के अन्य नेता संजय सिंह ने सीधे आरोप लगाया कि भाजपा नेता अरुण जेटली आप पार्टी की सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं।