यह ख़बर 16 मार्च, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भारत ने लापता मलेशियाई विमान की तलाश रोकी

तलाशी अभियान में भारतीय नौसैनिक (फाइल चित्र)

नई दिल्ली:

भारत ने लापता मलेशियाई विमान के लिए अपना तलाशी अभियान रोक दिया है, क्योंकि उसे मलेशियाई प्रशासन से ताजा निर्देश का इंतजार है। मलेशिया विमान का पता लगाने के लिए नए क्षेत्रों पर गौर सकता है।

अंडमान निकोबार कमान के प्रवक्ता कर्नल हरमीत सिंह ने बताया कि पांच जंगी जहाज और छह निगरानी विमान के साथ मिलकर चलाए जाने वाले तलाशी अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने कहा, हम मलेशिया से ताजा निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।

नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि बल के विमानों ने रविवार सुबह से उड़ान नहीं भरी और इन विमानों में पी-81 समुद्री निगरानी विमान तथा वायुसेना का सी-130 सुपर हरक्यूलिस विशेष अभियान विमान शामिल हैं। तटरक्षक बल और नोसैना ने आईसीजीएस सागर के साथ छह जंगी जहाज तैनात किए हैं, जो मलक्का की खाड़ी में तलाशी अभियान चलाएंगे।

नौसेना ने अपना आईएनएस सरयू और आईएनएस केसरी को इस काम में उतारा है। भारत अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में करीब 2.5 लाख किलोमीटर क्षेत्र में यह अभियान चला रहा है।

मलेशिया ने शनिवार को कहा था कि लापता उड़ान एमएच 370 की दिशा एक सी थी और ऐसा लगता है कि विमान में सवार किसी ने जानबूझकर कुछ किया है। मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक ने कहा था कि प्रशासन अब दो गलियारों- उत्तर में कजाखस्तान और तुर्कमेनिस्तान की सीमा तक तथा दक्षिण में इंडोनेशिया और दक्षिण हिंद महासागर के बीच विमान का पता लगाने का प्रयास कर रहा है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com