यह ख़बर 08 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

40 और देशों के नागरिकों को मिलेगी आगमन पर वीजा सुविधा

नई दिल्ली::

अमेरिका, ब्रिटेन, ब्राजील, जर्मनी, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत 40 और देशों के सैलानियों को जल्द ही आगमन पर पर्यटक वीजा देने की व्यवस्था की जाएगी। ऐसी संभावना है कि गृह मंत्रालय जल्द ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे सकता है।

योजना राज्य मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा, 40 और देशों के नागरिकों को आगमन पर पर्यटक वीजा देने का प्रस्ताव पर जल्द अमल में आएगा, क्योंकि गृह मंत्रालय इसे जल्द ही मंजूरी दे सकता है।

मंत्री ने कहा, इस प्रस्ताव के लिए गृह मंत्रालय की मंजूरी अंतिम होगी, क्योंकि विदेश मंत्रालय, पर्यटन और प्रधानमंत्री कार्यालय समेत अन्य मंत्रालय और विभाग इसे पहले ही मंजूरी दे चुके हैं।
जिन देशों के नागरिकों को आगमन पर पर्यटक वीजा दिया जाएगा, उसमें संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, इंटली, स्वीडन, नीदरलैंड, स्विटजरलैंड, स्पेन, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, पोलैंड, नार्वे तथा आयरलैंड शामिल हैं।

भारत पहुंचने पर वीजा व्यवस्था के तहत भारत का जापान, फिनलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया, लक्जमबर्ग, न्यूजीलैंड, कंबोडिया, वियतनाम, फिलीपीन, लाओस तथा म्यांमार समेत विभिन्न देशों के साथ समझौता है।

पिछले साल योजना आयोग ने भारत को सैलानियों के लिए और अनुकूल गंतव्य बनाने की प्रक्रिया शुरू की थी, जिसमें ऑनलाइन वीजा को सरल बनाना और वरिष्ठ नागरिकों को आकर्षित करना शामिल है।

पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2013 में भारत आने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या में करीब 4.1 फीसद की वृद्धि देखी गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वर्ष 2013 में पूरे साल के दौरान 68.48 लाख (अस्थायी) पर्यटक भारत आए, जबकि इससे पहले वर्ष 2012 में 65.78 लाख सैलानी आए थे।