यह ख़बर 07 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

पुंछ में पाकिस्तान तरफ से गोलीबारी, जवान शहीद

खास बातें

  • जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार को सीमापार से पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा की गई भारी गोलीबारी की जद में आ जाने से नियंत्रण रेखा के नजदीक एक भारतीय चौकी पर तैनात एक जवान शहीद हो गया। सेना के एक सूत्र ने जम्मू से यह जानकारी दी।
श्रीनगर:

जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार को सीमापार से पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा की गई भारी गोलीबारी की जद में आ जाने से नियंत्रण रेखा के नजदीक एक भारतीय चौकी पर तैनात एक जवान शहीद हो गया। सेना के एक सूत्र ने जम्मू से यह जानकारी दी। पाकिस्तान में नवाज शरीफ के प्रधानमंत्री बनने के दो दिन के भीतर भारत-पाक सीमा पर युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया।

सूत्र ने बताया, "सौजान सेक्टर में नियंत्रण रेखा के समीप स्थित एक भारतीय चौकी, खालसा-2 आज (शुक्रवार) पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दोपहर 1.35 बजे की गई गोलीबारी की जद में आ गया। भारी गोलीबारी करीब एक घंटे तक चलती रही जिसमें भारतीय सेना के एक जवान की मौत हो गई।"

शहीद हुए सैनिक लांस नायक बचन सिंह की पहचान कर ली गई है। सूत्र ने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय सैनिक ने भी जवाबी गोलीबारी की।

भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों की तरफ से की गई गोलीबारी में कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में 24 मई को भारतीय सेना के एक ब्रिगेडियर घायल हो गए थे।

इस वर्ष अब तक पाकिस्तान द्वारा दो दर्जन से अधिक बार युद्ध विराम समझौते का उल्लंघन किया जा चुका है। इससे पूर्व के वर्ष में पाकिस्तान द्वारा 117 बार जबकि 2011 में 61 बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया था।

नियंत्रण रेखा के उस पार से पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा गोलीबारी मुख्यत: भारत की सीमा में आतंकवादियों को घुसने में सहायता प्रदान करने के लिए किया जाता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हाल ही में चुनकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने नवाज शरीफ ने गुरुवार को दावा किया था कि कश्मीर और अन्य गंभीर मुद्दों के समाधान की मांग करते हुए कहा था कि भारत के साथ संबंधों को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए प्रयास किया जाएगा।