पीएम मोदी, सोनिया समेत कई नेताओं ने डॉ. कलाम के निधन पर जताया गहरा शोक

पीएम मोदी, सोनिया समेत कई नेताओं ने डॉ. कलाम के निधन पर जताया गहरा शोक

डॉ. एपीजे अब्‍दुल कलाम (फाइल फोटो)

नई दिल्‍ली:

पूर्व राष्‍ट्रपति डॉ. एपीजे अब्‍दुल कलाम के निधन पर राष्‍ट्रनेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्‍यक्‍त की है। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए डॉ. कलाम के अविसमरणीय मार्गदशन और उनके वैज्ञानिक आयामों को याद किया। वहीं, अन्‍य नेताओं ने भी पूर्व राष्‍ट्रपति के निधन पर गहरा शोक जताया।

राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी : पूर्व राष्‍ट्रपति भारत रत्‍न डॉ. एपीजे अब्‍दुल कलाम का निधन मेरे लिए गहरी व्यक्तिगत क्षति है। मैं हमेशा उसके साथ अपने लंबे सहयोग को याद रखूंगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : भारत के पूर्व राष्ट्रपति, और विशेष करके युवाओं के प्रिय श्रीमान अब्दुल कलाम जी के निधन के समाचार पूरे देश के लिए और विश्व के वैज्ञानिक आलम के लिए एक बहुत ही दुखद समाचार है। राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्य, उनका जीवन, उनकी हर बात देश के लिए आज भी दिशादर्शक है। एक वैज्ञानिक के रूप में उन्होंने भारत को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया था।

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी :  डॉ. कलाम का देश के लिए योगदान, प्रौद्योगिकी के तौर पर एक शिक्षक और एक नेता के तौर पर रहा और उन्हें कृतज्ञ राष्ट्र संजो कर रखेगा। उन्होंने कहा कि भारत के अंतरिक्ष और मिसाइल कार्यक्रम के मार्गदर्शक के तौर पर डॉ. कलाम की कोशिशों से भारत इन क्षेत्रों में प्रमुख शक्ति है।

राहुल गांधी : राहुल ने संसद भवन परिसर में कहा,  राष्ट्रपति कलाम जनता के राष्ट्रपति थे। वह एक ऐसे राष्ट्रपति थे, जिनमें देश के लोगों, खासकर युवाओं से जुड़ने की अद्भुत क्षमता थी। उनके जाने से देश ने ऊंची सोच वाला एक पथ प्रदर्शक खो दिया। उन्होंने कहा कि हमें उनकी कमी खलेगी, हमें उनकी उंची सोच की कमी खलेगी।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक स्वयं को काम के लिए समर्पित किया, चाहे मिसाइल कार्यक्रम के लिए हो, चाहे राष्ट्रपति पद पर रहते हुए, चाहे राष्ट्रपति के कार्यकाल के बाद शिक्षक के तौर पर।

राहुल ने कहा,  वह हमारी यादों में रहेंगे और हम उनकी सोच को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

अरुण जेटली (वित्‍त मंत्री) : पूर्व राष्‍ट्रृपति एपीजे अब्‍दुल कलाम के दुखद निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। हमने एक आदर्श नागरिक खो दिया। ईश्‍वर उनकी आत्‍मा को शांति प्रदान करें।

सोनिया गांधी (कांग्रेस अध्‍यक्ष) : डॉ. एपीजे अब्‍दुल कलाम ने देश-विदेश में लाखों लोगों को प्रेरित किया। यहां तक कि उन्होंने अपना आखिरी संबोधन आईआईएम के छात्रों को देते हुए आखिरी सांसें ली। डॉ. कलाम के निधन पर शोक प्रकट करने में कांग्रेस पूरे देश के साथ खड़ी है।

राहुल गांधी (कांग्रेस उपाध्यक्ष) : डॉ. कलाम ने अपनी गर्मजोशी और विवेक से राष्ट्र के दिलो दिमाग को जीत लिया।

लाल कृष्ण आडवाणी (भाजपा के वरिष्ठ नेता) : भारत के चहेते पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के अचानक निधन की खबर ने मुझे स्तब्ध और दुखी कर दिया। अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री रहने के दौरान और उसके बाद एनडीए के छह साल के शासनकाल में डॉ. कलाम को बहुत करीब से जान पाया। उन्होंने 2008 में मेरी आत्मकथा का विमोचन किया था। उन्होंने आखिरी सांस तक भारत माता की सेवा की। वह सचमुच में एक कर्मयोगी थे।

सुषमा स्वराज (विदेश मंत्री) : डॉ. एपीजे अब्‍दुल कलाम जनता के राष्ट्रपति और महान व्यक्ति थे।

सुमित्रा महाजन (लोकसभा स्पीकर) : डॉ. कलाम के निधन से देश ने एक ऐसा नेता को खो दिया है, जो लोगों और विद्वान समुदाय के बीच भी लोकप्रिय थे। एक महान देशभक्त, वैज्ञानिक और एक विचारक, वह हमेशा ही सक्रिय थे। राष्ट्रपति पद से सेवामुक्त होने के बाद भी प्रेरक व्यक्तित्व बने रहे।

मनमोहन सिंह (पूर्व प्रधानमंत्री) : देश और वह उनके परामर्श से काफी लाभान्वित हुए। डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि।

लार्ड स्वराज पॉल (मशहूर एनआरआई उद्योगपति) : डॉ. कलाम एक प्रेरणादायी शख्सियत और एक महान मानवतावादी थे। वे एक महान राष्ट्रपति और काफी लोकप्रिय नेता थे।

गुलाम नबी आजाद (राज्यसभा में विपक्षी नेता) : डॉ. कलाम देश के लोगों के चहेते थे। पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद वह बच्चों और छात्रों में दूसरे सर्वाधिक लोकप्रिय नेता था।

अमित शाह (भाजपा अध्यक्ष) : डॉ. कलाम एक सच्चे देशभक्त और विज्ञान,शिक्षा एवं नैतिकता के एक दुर्लभ संयोजन थे। भारत ने अपने मिसाइल मैन को खो दिया।

नीतीश कुमार (मुख्‍यमंत्री, बिहार) : डॉ. कलाम एक महान वैज्ञानिक, प्रख्यात समाजसेवी और कुशल प्रशासक थे। डॉ. कलाम ने कई बार बिहार आकर राज्य के विकास को लेकर उनका मार्गदर्शन किया तथा नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

यहां पढ़ें अन्य खबरें...

पूर्व राष्ट्रपति एपीजी अब्दुल कलाम की कही 10 यादगार बातें

पूर्व राष्‍ट्रपति कलाम के लिए ट्विटर पर श्रद्धांजलि देनेवालों का तांता


ऐसा रहा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम का सफर, कईयों के लिए रहे प्रेरणा स्रोत

अण्णा हजारे ने कलाम को बताया 'प्रेरणा', हामिद अंसारी बोले- 'भारत का सच्चा बेटा'

डॉ. कलाम की 5 पांच बातें जो बदल देंगी आपका जीवन

'मिसाइल मैन' के बारे में ये खास बातें जानते हैं आप?

अस्पताल लाए जाने से पहले अंतिम सांस ले चुके थे कलाम : डॉक्टर


अखिलेश यादव (मुख्‍यमंत्री, उत्‍तर प्रदेश) : डॉ. अब्‍दुल कलाम के निधन की खबर से पर गहरा दुख पहुंचा। वह हमेशा आने वाली पीढि़यों के लिए प्रेरणा रहेंगे।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबडी देवी: डॉ. कलाम का निधन अपूरणीय क्षति है। वह एक कुशल राजनेता होने के साथ काफी तेजस्वी वैज्ञानिक थे। वह देश के राष्ट्रपति पद पर आसीन रहकर भी वे आम लोगों से जुड़े रहे तथा उनके मार्गदर्शन में देश में कई मिसाइल का सफल परीक्षण होने से भारत का विश्व में नाम ऊंचा हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय रसायन एवं उवर्रक मंत्री अनंत कुमार, रेल मंत्री सुरेश प्रभु, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल, मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी, तमिलनाडु के राज्यपाल के. रोसैया और राज्य की मुख्यमंत्री जयललिता, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी डॉ. कलाम के निधन पर शोक प्रकट किया है।