यमन में जंग जैसे हालात के बीच 'INS मुंबई' ने 441 भारतीयों को बचाया

नई दिल्ली : भारतीय नौसेना ने यमन में फंसे 441 भारतीयों को कल अदन पोर्ट से सुरक्षित बाहर निकाला, जिसमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है।

युद्ध से जूझ रहे यमन से भारतीयों को बाहर निकालने के लिए भारत से भेजा गया INS मुंबई फ़ायरिंग की वजह से अदन शहर के बंदरगाह में दाख़िल नहीं हो सका, जिसके बाद किराए पर ली गई 12 छोटी नौकाओं की सहायता से लोगों को निकालकर INS मुंबई तक लाया गया।

इन सभी लोगों को जिबूती लाया जा रहा है, जहां से इन्हें भारत लाया जाएगा। अब तक क़रीब 2,000 भारतीयों को यमन से बाहर निकाला गया है। हालांकि अब भी 2,000 से ज़्यादा भारतीय वहां फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है।

'ऑपरेशन राहत' के तहत इस जंगी जहाज को अदन बंदरगाह के ठीक बाहर खड़ा रखा गया, क्योंकि अदन में भारी गोलीबारी की खबर है। वहां सऊदी अरब नीत गठबंधन हुती विद्रोहियों का मुकाबला कर रहा है, जो शहर पर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं।

नौसेना ने बताया कि भारतीय अधिकारियों ने छोटी नौकाओं को काम में लगाया, जिसने एक बार में 30 से 35 लोगों को बंदरगाह से आईएनएस मुंबई पोत पर पहुंचाया।

इस बीच, यमन में फंसे हुए 193 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान शनिवार  रात कोच्चि पहुंचा। निकाले गए लोगों में अधिकतर केरल और तमिलनाडु के हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com