यह ख़बर 16 जुलाई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भाजपा का कश्मीर पर दोहरा मापदंड : दिग्विजय सिंह

फाइल फोटो

भोपाल:

कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह कश्मीर पर दोहरे मापदंड अपना रही है और सवाल किया कि क्या भाजपा कश्मीर पर कहे गए अपने बयानों पर 'यू-टर्न' ले रही है? सिंह ने मंगलवार की शाम ट्वीट में कहा कि जब मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफि़ज सईद ने कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक से मुलाकात की थी, तब भाजपा चाहती थी कि उसका (मलिक) पासपोर्ट जब्त करना चाहिए और उसे (मलिक) गिरफ्तार करना चाहिए। लेकिन भाजपा अब वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार वेद प्रताप वैदिक के मामले में नरम रवैया अपना रही है।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, 'जब हाफि़ज सईद ने यासीन मलिक से मुलाकात की थी, तब भाजपा चाहती थी कि मलिक का पासपोर्ट जब्त करना चाहिए और उसे गिरफ्तार करना चाहिए। लेकिन अब भाजपा वैदिक के मामले में नरम रवैया अपना रही है। यह दोहरा मापदंड है।'

एक अन्य ट्वीट में सिंह ने कहा, 'क्या भाजपा पाकिस्तान और आतंकवादियों के प्रति नरम हो रही है और अपने कश्मीर पर कहे गए बयानों पर 'यू-टर्न' ले रही है?' उन्होंने कहा कि वैदिक ने स्वतंत्र कश्मीर का समर्थन किया है, जबकि केन्द्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली इसे 'कूटनीतिक अभाग्य' कहते हैं और केन्द्रीय शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू इसे कोई मुद्दा नहीं मान रहे हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सिंह ने कहा कि यह मुद्दा पिछले दो दिनों से संसद के दोनों सदनों में हंगामे का कारण है। विपक्षी पार्टियां वैदिक के हाफि़ज सईद से मुलाकात करने पर संसद में सवाल उठा रहे हैं। वैदिक को भाजपा का समर्थक एवं योगगुरु रामदेव बाबा का करीबी माना जाता है।
केन्द्र सरकार ने कल वैदिक और हाफि़ज की इस मुलाकात की कड़ी भर्त्सना की थी और कहा कि इस संबंध में इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से एक रिपोर्ट मांगी गई है और पूछा गया है कि क्या उसे (भारतीय उच्चायोग) इस मामले की जानकारी थी।