यह ख़बर 11 जुलाई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

हेमंत सोरेन शनिवार को लेंगे झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ

खास बातें

  • राजभवन के एक सूत्र ने 'आईएएनएस' को बताया, "हेमंत सोरेन ने शनिवार 10 बजे के आसपास शपथ लेने की इच्छा जाहिर की है। राज्यपाल (सैयद अहमद) ने उनका आग्रह स्वीकार कर लिया है। इस आशय की आधिकारिक घोषणा राज्य में राष्ट्रपति शासन हटाने की राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने क
रांची:

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन शनिवार को राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। यह जानकारी विश्वस्त सूत्रों ने रांची में दी।

राजभवन के एक सूत्र ने 'आईएएनएस' को बताया, "हेमंत सोरेन ने शनिवार 10 बजे के आसपास शपथ लेने की इच्छा जाहिर की है। राज्यपाल (सैयद अहमद) ने उनका आग्रह स्वीकार कर लिया है। इस आशय की आधिकारिक घोषणा राज्य में राष्ट्रपति शासन हटाने की राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद कर दी जाएगी।"

हेमंत सोरेन ने मंगलवार को सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए राज्यपाल को 82 सदस्यीय सदन में 43 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा।

बाद में राज्यपाल ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक रिपोर्ट भेज कर राज्य में राष्ट्रपति शासन खत्म किए जाने का आग्रह किया ताकि नई सरकार का गठन किया जा सके। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राज्यपाल की रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को इस संबंध में अपनी सिफारिश राष्ट्रपति के पास भेज दी।

राज्य में अर्जुन मुंडा की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार के पतन के बाद 18 जनवरी को राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। झामुमो ने 8 जनवरी को गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राष्ट्रपति शासन की छह माह की अवधि 18 जुलाई को खत्म हो रही है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल दिसंबर 2014 में पूरा होगा। वर्तमान विधानसभा के दौरान राज्य में यह तीसरी सरकार होगी।