मांझी ने बनाया ‘हम’ नाम का नया मोर्चा और कहा 'आप का बाप हो जाएगा हम'

पटना:

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने समाजसेवा के लिए युवाओं और आमजन से राजनीति के क्षेत्र में आने का आह्वान करते हुए जन सेवा के लिए हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) नामक एक नया मोर्चा बनाने की आज घोषणा की।

नीतीश कुमार के जदयू विधायक दल का नया नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल द्वारा सदन में बहुमत साबित करने को कहने पर मांझी ने 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। मांझी ने पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आज अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) नामक एक नया मोर्चा बनाने की घोषणा की और कहा कि यह सभी के लिए काम करेगी। अपने विवादित बयानों के लिए हमेशा चर्चा में रहे मांझी ने आज भी एक ऐसा ही बयान दिया। उन्होंने कहा कि ‘आप’ का बाप हो जाएगा ‘हम’।

इस 'कार्यकर्ता स्वाभिमान सम्मेलन' में जदयू के बागी नेताओं जिसमें मांझी मंत्रिमंडल में शामिल रहे नरेंद्र सिंह, वृषिण पटेल, महाचंद्र प्रसाद सिंह, शाहिद अली खान, भीम सिंह, सम्राट चौधरी, नीतीश मिश्र, विधायक रविंद्र राय, राहुल शर्मा, पूनम देवी तथा वरिष्ठ नेता जगदीश शर्मा और शकुनी चौधरी तथा आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के विवादित साला साधु यादव शामिल थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मांझी ने कहा कि अभी नए दल के गठन में कुछ तकनीकी बाधा होने के कारण वे मोर्चे का गठन कर रहे हैं। मांझी दिल्ली में आयोजित '1000 बुद्धजीवियों' के सम्मेलन में भाग लेने आगामी तीन मार्च को राजधानी जाएंगे तथा उसके बाद प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के साथ अपने को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बारे में लोगों को अवगत कराने के लिए अपने राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत आगामी 16 मार्च को मुजफ्फरपुर से करेंगे। वह 17 मार्च को खगड़िया जाएंगे।