यह ख़बर 12 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

बीमारी की वजह से रालेगण नहीं जाएंगे अरविंद केजरीवाल, पार्टी के नेता मिलेंगे अन्ना से

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज अन्ना हजारे से मिलने रालेगण सिद्धि नहीं जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल को तेज़ बुखार हो गया है, जिस वजह से अब आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास, गोपाल राय और संजय सिंह रालेगण सिद्धि जाएंगे।

दरअसल, रालेगण सिद्धि में अन्ना हजारे अनशन पर बैठे हुए हैं और केजरीवाल अन्ना का समर्थन करने के लिए ही रालेगण सिद्धि जा रहे थे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को अनशन पर बैठे अन्ना हजारे से मिलने रालेगण सिद्धि जा रहे थे।

अरविंद केजरीवाल के मुताबिक जनलोकपाल बिल के मुद्दे पर अन्ना जो अनशन कर रहे हैं, उसका वह समर्थन करते हैं। इसलिए अन्ना को समर्थन देना ही उनकी यात्रा का मकसद है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अरविंद केजरीवाल के मुताबिक अन्ना से मिलने उनके साथ कुमार विश्वास भी जा रहे हैं, लेकिन उन दोनों में से कोई भी मंच पर अन्ना के साथ नहीं बैठेगा। वह आम लोगों के साथ नीचे बैठकर ही अन्ना को अपना समर्थन देंगे।