Click to Expand & Play
खास बातें
- 26/11 के मुंबई हमलों के आरोपी अबू जिंदाल ने मुंबई पुलिस को बताया है कि आतंकी संगठन लश्कर−ए−तैयबा ने देश के अलग−अलग शहरों में हवाई हमले की साजिश रची है।
मुंबई: 26/11 के मुंबई हमलों के आरोपी अबू जिंदाल ने मुंबई पुलिस को बताया है कि आतंकी संगठन लश्कर−ए−तैयबा ने देश के अलग−अलग शहरों में हवाई हमले की साजिश रची है। जिंदाल वही शख्स है, जो कराची में कंट्रोल रूम में बैठकर 26/11 को मुंबई में हुए हमलों के वक्त अहम भूमिका निभा रहा था।
जिंदाल ने बताया कि लश्कर ने पैरा ग्लाइडर्स को भारत के अलग−अलग शहरों में हवाई हमले के लिए तैयार किया है। जिंदाल ने कहा कि उसने खुद पाक अधिकृत कश्मीर वाले मुजफ्फराबाद में 150 पैराशूट डिब्बे में बंद देखे थे।
उसने यह भी कहा है कि मुंबई हमलों की साजिश रचने में कम से कम तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे। जिंदाल ने जिस पहले भारतीय शख्स का नाम लिया है वह फयाज कागजी है महाराष्ट्र के बीड़ का रहने वाला है और औरंगाबाद में हथियारों की बरामदगी के मामले में उसकी तलाश है। जिंदाल के मुताबिक कागजी ने मुंबई हमले से पहले आतंकियों को हिन्दी सिखाई थी। जिंदाल ने कहा कि उसने कराची में बने कंट्रोल रूम का दौरा किया था, लेकिन हमले के वक्त वह वहां मौजूद नहीं था। कागजी को सऊदी अरब में हिरासत में ले लिया गया है।
जिंदाल ने एक अन्य भारतीय मसूद शेख का नाम लिया है। वह भी बीड़ का ही रहने वाला है। जिंदाल के मुताबिक पहले मसूद शेख को उस 10 आतंकियों की टीम में रखा गया था, जो हमलों के लिए चुने गए थे। शेख को अजमल कसाब और नौ अन्य आतंकवादियों के साथ ट्रेनिंग दी गई थी, लेकिन फयाज कागजी ने आशंका जताई कि अगर मसूद शेख भारतीय पुलिस की पकड़ में आ गया तो ज्यादा मुश्किल हो सकती है, इसलिए बाद में मसूद शेख को हमलावरों की टीम से बाहर कर दिया गया।
जिंदाल ने जिस तीसरे भारतीय का जिक्र किया है, उसका नाम रहील शेख है और वह मुंबई का रहने वाला है। उसे भी कराची में ट्रेनिंग दी गई थी, लेकिन आखिरी वक्त में उसे भी हमलावरों की टीम में शामिल नहीं किया गया।