यह ख़बर 10 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

लोकसभा में लगातार तीसरे दिन नहीं हो सका प्रश्नकाल

खास बातें

  • भाजपा, शिवसेना समेत राजग सदस्यों के हंगामें के कारण लोकसभा में लगातार तीसरे दिन भी प्रश्नकाल नहीं हो सका।
New Delhi:

भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली में पुलिस कार्रवाई और महाराष्ट्र में किसानों पर कथित गोलीबारी के विरोध में लोकसभा में भाजपा, शिवसेना समेत राजग सदस्यों के भारी हंगामे के कारण सदन की बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे के कारण सदन में आज लगातार तीसरे दिन प्रश्नकाल नहीं चल पाया। बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन को पूर्व सदस्य शांतिलाल पुरुषोत्तमदास पटेल के निधन की जानकारी दी। सदस्यों ने कुछ पल मौन रहकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद अध्यक्ष ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने को कहा, भाजपा, शिवसेना सहित राजग सदस्य राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ कल प्रदर्शन कर रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई और महाराष्ट्र में किसानों पर पुलिस गोलीबारी का मुद्दा उठाते हुए अपने हाथों में समाचारपत्रों की प्रति लहराते अध्यक्ष के आसन के समीप आ गए। सदस्य शीला दीक्षित के इस्तीफे के साथ महाराष्ट्र सरकार को बर्खास्त करने करने की मांग कर रहे थे। लोकसभा अध्यक्ष ने शोर शराबे के बीच प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया साथ ही सदस्यों से अपने स्थानों पर लौट जाने की अपील की लेकिन सदस्यों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इस बीच सपा सदस्य भी महाराष्ट्र में किसानों पर कथित पुलिस गोलीबारी पर महाराष्ट्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। हंगामा थमते न देख अध्यक्ष ने बैठक दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com