यह ख़बर 14 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली एसी बस में लगी आग, सात लोगों की मौत

बेंगलुरु:

उत्तरी कर्नाटक के हवेरी जिले में आज तड़के बेंगलुरु से मुंबई जा रही एक बस मार्ग विभाजक से टकराई और फिर उसमें आग लग गई, जिससे सात लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए।

घायलों में से छह की हालत गंभीर बताई जाती है। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना हवेरी से करीब 14 किमी दूर कुनिमेल्ली पुल के समीप हुई।

हवेरी के पुलिस अधीक्षक शशि कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों की शिनाख्त अभी की जानी है। उन्होंने बताया कि यह वोल्वो बस बीती रात 52 यात्रियों को लेकर बेंगलुरु से रवाना हुई थी।

पुलिस के अनुसार, घायलों को हुबली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जो लोग मामूली तौर पर घायल हुए हैं, उनका हवेरी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बस के मालिक ने बताया कि बस का क्लीनर सुरक्षित है, लेकिन उसे दोनों चालकों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। चालकों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दो सप्ताह पहले ही आंध्रप्रदेश के महबूबनगर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही एक वोल्वो बस मार्ग विभाजक से टकराई थी और फिर उसमें आग लग गई थी। इस हादसे में 45 लोग मारे गए थे।