ओबामा के दौरे और गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली में यातायात प्रतिबंध, कई सड़कें बंद

इंडिया गेट पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मी

नई दि्ल्ली:

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौरे को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर यातायात पाबंदी लगाई गई है। आईटीसी मौर्य होटल के आसपास की सड़कें वाहनों की आवाजही के लिए बंद कर दी गई हैं, जबकि राजपथ की ओर जाने वाली सड़कें रविवार शाम से आम लोगों के लिए बंद रहेंगी।

पुलिस के मुताबिक, गणतंत्र दिवस परेड और अन्य कार्यक्रमों के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके में सामान्य यातायात प्रतिबंध लगाया है। 25 और 26 जनवरी को नई दिल्ली इलाके, सी हेक्सागन इंडिया गेट से बचने की सलाह दी गई है।

27 जनवरी को अगस्त क्रांति पर मार्ग पर पाबंदी रहेगी और लोगों से अगस्त क्रांति मार्ग से बचने का अनुरोध किया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल शुक्ला के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग का हिस्सा - सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग, धौला कुआं तक नौ बजे सुबह से आम यातायात के लिए बंद रहेगा।

अकबर रोड और कोपरनिकस मार्ग के बीच सी हेक्सागन इंडिया गेट पर यातायात की अनुमति नहीं होगी। कस्तूरबा गांधी मार्ग और अशोक रोड पर भी कुछ घंटे के लिए यातायात बंद रहेगा।

पुलिस ने बताया कि मथुरा रोड-भगवान दास दोड और रिंग रोड पर भी यातायात प्रभावित होगा। राजपथ पर रविवार शाम 6 बजे से 26 जनवरी को समारोह खत्म होने तक वाहन नहीं चल सकेंगे। गणतंत्र दिवस के दिन तिलक मार्ग, बीएसजे मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से लेकर लाल किला तक यातायात की अनुमति नहीं होगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com