मयंक गांधी का अरविंद केजरीवाल पर सबसे बड़ा हमला, बोले 'गटर की राजनीति' शुरू हो गई

मयंक गांधी का अरविंद केजरीवाल पर सबसे बड़ा हमला, बोले 'गटर की राजनीति' शुरू हो गई

मयंक गांधी (फाइल फोटो)

मुंबई:

आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को अपनी महाराष्ट्र इकाई को भंग कर दिया, जिसके बाद इसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मयंक गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘गटर की राजनीति’ करते हुए संगठन को तबाह करने पर उतारू हैं।

आप की वेबसाइट पर डाले गए फैसले के अनुसार पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने महाराष्ट्र में सभी इकाइयों को भंग कर दिया है।

केजरीवाल राज्य में पार्टी की जड़ों को नष्ट करने पर अड़े हैं
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र में आप के प्रमुख चेहरे रहे गांधी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल राज्य में पार्टी की जड़ों को नष्ट करने पर अड़े हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आप के लोग गटर की सफाई करने के लिए एक दल बनाकर राजनीति में आए थे, लेकिन दुर्भाग्यवश इसके विपरीत पार्टी सदस्यों पर गटर की राजनीति हावी हो गई।’’

दुखद है कि राजनीति जीत गई
मयंक ने ट्विटर पर अपनी निराशा प्रकट करते हुए लिखा, ‘‘अच्छी तरह काम कर रही महाराष्ट्र की इकाइयां भंग। दुखद है कि राजनीति जीत गई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब आलाकमान मुझे पार्टी से निकाल दे, लेकिन सच यह है कि आलाकमान खुद महाराष्ट्र में पार्टी की जड़ों को नष्ट करने पर अड़ा है।’’

मयंक गांधी ने मार्च महीने में पीएसी से प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव जैसे आप के संस्थापक सदस्यों को हटाए जाने का विरोध किया था और कहा था कि वह अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

आप में केवल एक आवाज है
केजरीवाल पर परोक्ष निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अब यह सच है कि आप में केवल एक आवाज है। जो भी अलग स्वर में बोलता है, जो आलाकमान से मेल नहीं खाती तो उसे बाहर निकाल दिया जाता है।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दो तरह की राजनीति, एक जो जमीन पर रहकर लोगों के साथ काम करने वाली और दूसरी दिल्ली में चापलूसी वाली। दूसरी वाली जीत गई। जय हो।’’

पार्टी ने इस फैसले के संबध में अपनी वेबसाइट पर लिखा, ‘‘कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया में पीएसी ने महाराष्ट्र में सभी इकाइयों को भंग करने का फैसला किया है।’’

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता राज्य के प्रभारी होंगे
आम आदमी पार्टी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता राज्य के प्रभारी होंगे और उनके नेतृत्व में एक टीम राज्य में संगठन निर्माण पर काम करेगी। नया ढांचा बहुत जल्द आकार लेगा। सभी पार्टी सदस्यों से इस टीम के साथ सहयोग करने का अनुरोध है।

घटनाक्रम पर आप की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुभाष वारे की तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

हालांकि पार्टी सूत्रों ने कहा कि प्रदेश इकाई पिछले कुछ समय से गुटबाजी में लिप्त थी। कुछ सदस्य भूषण और यादव सरीखे नेताओं को संगठन से बाहर किए जाने के तरीके से नाराज चल रहे थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केजरीवाल केवल अपने क्षेत्र दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं
प्रदेश कार्यकारिणी के एक सदस्य ने नाम नहीं जाहिर होने की शर्त पर कहा कि केजरीवाल केवल अपने क्षेत्र दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं और उनकी देश के अन्य हिस्सों में पार्टी को मजबूती प्रदान करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।