यह ख़बर 06 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर में ठिठुरन जारी, उप्र में और 16 की मौत

खास बातें

  • कड़ाके की ठंड की चपेट में आने से उत्तर भारत का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। उत्तर प्रदेश से 16 लोगों की मौत की खबर है। शीतलहर ने चालू मौसम ने अभी तक 100 से ज्यादा जानें ली हैं।
नई दिल्ली:

कड़ाके की ठंड की चपेट में आने से उत्तर भारत का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। उत्तर प्रदेश से 16 लोगों की मौत की खबर है। शीतलहर ने चालू मौसम ने अभी तक 100 से ज्यादा जानें ली हैं। मौसम के स्वभाव में अगले सप्ताह भी कोई बदलाव नहीं आने की आशंका जताई गई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सर्दी ने रविवार को पिछले चार वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। यहां का तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में पांच वर्ष पूर्व जनवरी 2008 में तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।

ठंड से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है, शहर के स्कूलों को 12 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन लिमिटेड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घने कोहरे की वजह से 68 उड़ानों में देरी हुई। रविवार सुबह 8:30 बजे दृश्यता 400 मीटर रही, लेकिन दो घंटे बाद कोहरा छंट गया।

भारतीय रेल के मुताबिक कोहरे के कारण 70 रेल गाड़ियां तय समय से देरी से चल रही हैं और 15 को निरस्त कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने सोमवार को कोहरा छाए रहने, लेकिन दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान जाहिर किया है। तापमान न्यूनतम 3 डिग्री से. और अधिकतम 14 डिग्री से. के बीच रह सकता है।

जम्मू एवं कश्मीर के पहाड़ी और निचले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बने रहने के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिल रही। लेह कस्बे में तापमान शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। करगिल में शून्य से 17.4 डिग्री से. जबकि श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 4.6 डिग्री से. नीचे रिकार्ड किया गया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में ठंड का कहर जारी है। प्रदेश के मुजफ्फरनर में 0.3 डिग्री से. रिकार्ड किया गया। राज्य में ठंड से 16 और लोगों की मौत हो गई है। मथुरा के फराह में शून्य डिग्री से., आगरा में 1.1, गाजीपुर 1.5 और नजीबाबाद में 1.1 और लखनऊ, इटावा, इलाहाबाद और मुरादाबाद में 2 से 3 डिग्री से. के बीच तापमान रिकार्ड किया गया।

पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हरियाणा के हिसार में रविवार को तापमान गिरकर शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

मौसम अधिकारी के अनुसार रविवार को हिसार जिला प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। नारनौल शहर का न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन शून्य डिग्री से. मापा गया। भिवानी में तापमान 1.6 डिग्री से. रहा।

पंजाब में पटियाला का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि अमृतसर का 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। प्रदेश के केलांग जिले में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 10.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पर्यटक स्थल मनाली का न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया। सुंदरनगर में तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। रविवार सुबह कोहरा छाया रहा और ठंड में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी हिस्से में शीतलहर जारी है, जबकि अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक ठंड नौगांव और दतिया में रही, जहां न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।