दाऊद को पकड़ने के लिए 'गुप्त ऑपरेशन' पर मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने दी सफाई

दाऊद को पकड़ने के लिए 'गुप्त ऑपरेशन' पर मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने दी सफाई

राज्यवर्धन सिंह राठौर (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने एक साक्षात्कार में मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को पकड़ने के लिए 'गुप्त ऑपरेशन' की बात पर ट्वीट कर सफाई दी है। राठौर ने ट्वीट कर कहा कि कथित रूप से दाऊद पर उनके बयान को गलत रूप से पेश किया गया। उन्होंने इस इंटरव्यू का लिंक शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने डोजियर डिप्लोमेसी की बात की थी।

गौरतलब है कि समाचार चैनल आजतक पर 'सीधी बातचीत' में राठौर को यह कहते हुए उद्धृत किया गया था कि
दाऊद इब्राहिम और हाफिज सईद जैसे भारत के दुश्मन जहां कहीं भी हो, उसे यह नहीं सोचना चाहिए कि भारत उसके बारे में कुछ नहीं सोच रहा है।

उनसे पूछा गया कि मोदी सरकार के 15 महीने बीत गए, लेकिन पाकिस्तान में शरण लिए भगोड़ों के खिलाफ कुछ नहीं किया गया, बजाय डोजियर तैयार करने के। इस पर उन्होंने जवाब दिया, साम, दाम, दंड, भेद सभी तरीकों का उपयोग किया जाएगा... डोजियर के अलावा अन्य तरीके भी इस्तेमाल किए जाएंगे। जब कभी कुछ होगा, आपको खबर मिल जाएगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जब उनसे पूछा गया कि क्या गोपनीय अभियान हो सकता है, तो सेना में कर्नल रहे मंत्री राठौड़ ने कहा, हम ऐसा कर सकते हैं, लेकिन उससे पहले इसका प्रचार नहीं होगा। अभियान के बाद, ऐसा हो सकता है या नहीं हो सकता है, यह इस पर निर्भर करता है कि क्या सरकार कहती है कि यह गोपनीय अभियान है या फिर विशेष अभियान है। उन्होंने कहा कि गोपनीय अभियान कभी पता नहीं चल सकता, लेकिन विशेष अभियान के बारे में उसके पूरा होने पर जानकारी दी जा सकती है।