यह ख़बर 08 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मानसून पहुंचा ओडिशा, उत्तर भारत में कहीं धूप - कहीं छांव

खास बातें

  • दक्षिणी-पश्चिमी मानसून काले बादलों के साथ शनिवार को ओडिशा पहुंच गया। इस बार यह समय से दो दिन पहले ही पहुंच गया। उधर, उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कहीं बादल छाए हैं तो कहीं बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी और उमस से लोग पर
नई दिल्ली:

दक्षिणी-पश्चिमी मानसून काले बादलों के साथ शनिवार को ओडिशा पहुंच गया। इस बार यह समय से दो दिन पहले ही पहुंच गया। उधर, उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कहीं बादल छाए हैं तो कहीं बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं।

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों में मानसून समय से पहले ही पहुंच गया। परिस्थितियां उसके अनुकूल हैं, इसलिए संभावना है कि अगले तीन दिनों में राज्य के बाकी हिस्सों तक मानसून पहुंच जाएगा।"

मानसून पहुंचने से ओडिशा के किसानों के चहरे खिल उठे हैं। देश को कुल चावल उत्पादन का 10वां हिस्सा ओडिशा से प्राप्त होता है। अच्छी बारिश धान की बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक है। इस राज्य में मानसून आमतौर पर 10 जून तक पहुंचता रहा है। पिछले वर्ष हालांकि मौसम एक हफ्ते की देरी से यहां पहुंचा था।   

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार की सुबह गर्म रही। न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री ऊपर 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश जिलों में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद एक बार फिर तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई है। शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

लखनऊ के अलावा शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री, कानपुर का 23.2, इलाहाबाद का 25 डिग्री और आगरा का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों तक मौसम में गर्मी और उमस बरकरार रहने की उम्मीद है।

बिहार के अधिकांश इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने तथा कई इलाकों में बारिश होने के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। पटना तथा आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 27.8 डिग्री सेल्सियस, गया का 26.7 डिग्री और पूर्णिया का 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  

पिछले 24 घंटे के दौरान भागलपुर में 0.40 मिलीमीटर तथा पूर्णिया में 12.30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश होने तथा बादल छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भी शनिवार को मानसूनी बादल छाए रहे। अगले दो-तीन दिन में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।