मध्य प्रदेश : छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने महिला का हाथ काटकर धड़ से अलग किया

सांकेतिक तस्वीर

सतना:

मध्य प्रदेश के सतना जिले में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर महिला का हाथ काट देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उसने कुल्हाड़ी से महिला के हाथ और पैरों पर हमला किया, जिसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गई।

महिला का एक हाथ धड़ से पूरी तरह अलग हो गया है। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता अन्नपूर्णा लोनिया (28 वर्ष) ने पुलिस को दिए गए बयान में कहा है कि वह सोमवार को सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के जंगल में बकरियां चरा रही थी, तभी खजेह निवासी गणेश सिंह ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की।

महिला ने जब इसका विरोध किया तो गणेश ने उसके हाथ और पैरों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे उसका एक हाथ धड़ से अलग हो गया और पैरों में गंभीर चोट आई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सतना के पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए जबलपुर भेज दिया गया है।