यह ख़बर 31 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मृदुला सिन्हा ने गोवा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली

पणजी:

जानी-मानी लेखिका और वरिष्ठ भाजपा नेता मृदुला सिन्हा ने रविवार को गोवा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। उन्होंने बीवी वांचू के इस्तीफे के बाद यह पद संभाला है।

बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहित शाह ने मृदुला को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर तथा अन्य हस्तियां मौजूद थीं। वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में सवाल उठने पर वांचू के इस्तीफे के बाद गोवा में कोई पूर्णकालिक राज्यपाल नहीं था।

मृदुला सिन्हा (71) पूर्णकालिक प्रभार के साथ राज्य की पहली महिला राज्यपाल बनी हैं। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के छपरा में 27 नवंबर, 1942 को जन्मी मृदुला जानी-मानी हिन्दी लेखिका हैं। वह केंद्रीय समाज कल्याण बोर्ड, मानव संसाधन विकास मंत्रालय की पूर्व अध्यक्ष हैं। वह भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

उन्होंने जय प्रकाश नारायण के नेतृत्व वाली 'संपूर्ण क्रांति' में सक्रियता से भाग लिया था। मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर करने के बाद उन्होंने बीएड की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने बिहार के मोतिहारी स्थित डॉ. एसके सिन्हा वुमेन्स कॉलेज में लेक्चरर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। बाद में वह मुजफ्फरपुर के भारतीय शिशु मंदिर की प्रधानाचार्य बनीं। उनकी शादी डॉ. राम कृपाल सिन्हा से हुई, जो पूर्व में कॉलेज लेक्चरर थे और बाद में बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com