मुलायम की क्लास में सीएम अखिलेश, काम पूरा करने का वादा लेकर ही माने सपा प्रमुख

मुलायम की क्लास में सीएम अखिलेश, काम पूरा करने का वादा लेकर ही माने सपा प्रमुख

मैनपुरी की सभा में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव

मैनपुरी:

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव आए दिन अपने बेटे अखिलेश यादव और उनकी सरकार की खिंचाई करते रहते हैं। रविवार को मुलायम ने अपने गढ़ मैनपुरी में अखिलेश यादव से एक सैनिक स्कूल की इमारत बनाने का वादा लिया, वो भी आठ महीने के अंदर। (देखें मुलायम और अखिलेश के बीच क्या बातचीत हुई)

मुलायम ने सैनिक स्कूल का शिलान्यास करने के बाद कहा कि उनकी इच्छा है कि इस स्कूल से निकलकर कोई छात्र देश का सेना प्रमुख बने। उन्होंने कहा कि मैनपुरी ने देश को कई वीर सपूत दिए हैं। देश के लिए कुर्बानी देने में यह जिला पीछे नहीं रहा है।

मैनपुरी की जनता का शुक्रिया अदा करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, यहां की जनता ने बहुत सम्मान दिया। मैं रक्षा मंत्री बना...प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गया। प्रधानमंत्री का पद नहीं, बल्कि जनता के लिए काम करना ज्यादा बड़ी चीज है। लोगों को न जाने कितने प्रधानमंत्रियों के नाम नहीं याद होंगे। जो काम करता है, वही सबसे बड़ा नेता होता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सपा प्रमुख ने वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, आने वाला चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि सपा की फिर से सरकार बने। देश में गरीब-मजलूमों के लिए सबसे ज्यादा काम उत्तर प्रदेश की सरकार ने किया है। (इनपुट भाषा से भी)