यह ख़बर 19 जुलाई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर प्रदेश में 21 करोड़ लोग, फिर भी रेप के मामले सबसे कम : मुलायम सिंह यादव

मुलायम सिंह यादव की फाइल तस्वीर

नई दिल्ली / लखनऊ:

समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने अपने बेटे अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर अजीब बयान देकर विवादों को हवा दे दी है।

मुलायम ने कहा राज्य में 21 करोड़ लोग रहते हैं, फिर भी यहां बलात्कार के मामले सबसे कम हैं। उन्होंने यह बात तब कही, जब पत्रकारों ने उनसे लखनऊ में 32-वर्षीय एक महिला की बेरहमी से हत्या के बारे में सवाल पूछे। इससे पहले, अप्रैल में मुलायम ने बलात्कार को लेकर बयान दिया था कि लड़के तो लड़के होते हैं, उनसे गलतियां हो जाती हैं।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था ठीक नहीं है और महिलाओं तथा बच्चों के प्रति अपराधों में हुई खासी बढ़ोत्तरी के मद्देनजर सरकार को उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

अमेठी में गत लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कड़ी टक्कर देने के बाद पहली बार यहां आई स्मृति ने संवाददाताओं से बातचीत में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को दूसरे राज्यों के मुकाबले बेहतर बताए जाने संबंधी बयान पर कहा, यादव बहुत वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें कोई भी बयान बहुत सोच-समझकर देना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ के बाहरी इलाके में 32 साल की महिला की हत्या से पूरा शहर स्तब्ध है। पुलिस ने हत्या के 24 घंटे बाद आखिरकार मृतक महिला की पहचान कर ली। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। राज्य सरकार ने मृतक महिला के दोनों बच्चों का खर्च उठाने की घोषणा की है।

पुलिस के मुताबिक महिला लखनऊ के एक मशहूर अस्पताल में लैब असिस्टेंट के तौर पर काम करती थी और उसके पति की तीन साल पहले बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। मृतक महिला का शव एक प्राइमरी स्कूल से बरामद हुआ था और वहां चारों तरफ खून फैला हुआ था। शरीर पर कई घाव थे। महिला के शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से हमले की बात भी सामने आई है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com