यह ख़बर 24 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

नामधारी ने चलाई थी हरदीप पर गोली, हत्या की कोशिश का मामला दर्ज : पुलिस

खास बातें

  • पॉन्टी चड्ढा हत्याकांड में गिरफ्तार नामधारी को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। नामधारी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।
नई दिल्ली:

पॉन्टी चड्ढा गोलीबारी कांड में गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के बर्खास्त अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी ने पॉन्टी के भाई हरदीप पर गोली चलाने की बात कबूल की है।

दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए नामधारी को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। नामधारी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। नामधारी को शुक्रवार को उत्तराखंड के बाजपुर से गिरफ्तार किया गया था।

गौरतलब है कि नामधारी छतरपुर स्थित फार्महाउस पर चड्ढा की हत्या के वक्त उनके साथ मौजूद थे। यहां पॉन्टी और उनके भाई हरदीप, दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में मारे गए थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि इस बात की संभावना है कि नामधारी के लोगों ने इस विवादित फार्महाउस पर नियंत्रण के लिए पॉन्टी की मदद की। हालांकि नामधारी ने इन खबरों का खंडन किया था कि घटना के बाद से वह छिपे हुए हैं। उन्होंने बाजपुर में कहा, मैंने गोलीबारी की घटना में प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस की जांच में सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार हूं। पुलिस के पास उनके बारे में जानकारी नहीं होने की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, मैंने खुद दिल्ली पुलिस के दल से मेरे घर आने को कहा।