यह ख़बर 14 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बिहार में छह नक्सली ढेर, 10 गिरफ्तार

खास बातें

  • पूर्वी चम्पारण के दरमाहा में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान छह नक्सली मारे गए तथा 10 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पटना/मोतीहारी:

बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के दरमाहा गांव में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान छह नक्सली मारे गए तथा 10 संदिग्ध नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।  राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने सोमवार को बताया कि मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे तलाशी अभियान में अब तक 10 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) क़े  एस़  द्ववेदी तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) घटनास्थल पर मौजूद हैं। गिरफ्तार नक्सलियों से पूछतछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि अभी भी नक्सली इन क्षेत्रों में छुपे हो सकते हैं। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम रविवार शाम दरमाहा गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। नीलमणि ने बताया कि मुठभेड़ सुबह चार बजे तक चली। पुलिस की जवाबी कारवाई से घबराये नक्सली भाग निकले। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने छह नक्सलियों को मार गिराया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने 14 हथियार बरामद किए हैं, जिसमें पांच एसएलआर और आठ रायफल के अलावा बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ शामिल हैं। मारे गए सभी नक्सलियों के शव पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।  पुलिस नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इस अभियान में सीआरपीएफ  तथा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवानों को भी शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने बिहार सहित चार राज्यों में रविवार से 48 घंटे के बंद का ऐलान किया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com