यह ख़बर 23 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

फिर फेरबदल होगा केन्द्रीय मंत्रिमंडल में!

खास बातें

  • हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस केन्द्र में अपने मंत्रिमंडल में बड़े पैमाने पर फेरबदल पर विचार कर रही है ताकि अगले आम चुनावों में सफल प्रदर्शन किया जा सके।
नई दिल्ली:

हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस केन्द्र में अपने मंत्रिमंडल में बड़े पैमाने पर फेरबदल पर विचार कर रही है ताकि अगले आम चुनावों में सफल प्रदर्शन किया जा सके।

एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि पार्टी नेतृत्व केन्द्रीय मंत्रिमंडल में बड़े पैमाने पर फेरबदल करने पर विचार कर रही है लेकिन यह नहीं बताया कि यह फेरबदल कब हो सकता है।

विधानसभा चुनावों के दौरान उत्तर प्रदेश से केन्द्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने अच्छा खासा विवाद पैदा कर दिया था।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खराब चुनाव परिणामों के मद्देनजर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बदले जाने की किसी भी संभावना से पहले ही इनकार कर चुकी हैं।

गत छह मार्च को घोषित हुए चुनाव परिणामों के एक दिन बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सोनिया ने पार्टी के खराब प्रदर्शन की वजह प्रत्याशियों का गलत चयन, बहुत अधिक संख्या में नेता होना और पार्टी में संगठन के स्तर पर कमजोरियां बताया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या नेतृत्व के अभाव के कारण पार्टी उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी, उन्होंने कहा था, ‘हमारी समस्या नेताओं की कमी नहीं बल्कि बहुत अधिक नेता होना है।’ भाजपा शासित गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष और कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं जबकि वर्ष 2014 के मध्य में लोकसभा चुनाव होने हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

संसद के बजट सत्र के पहले चरण की समाप्ति 30 मार्च को हो रही है और उसके बाद तीन सप्ताह के विराम के बाद दूसरे चरण की शुरुआत होगी। ऐसी चर्चा है कि इसी दौरान पार्टी संगठन में भी फेरबदल हो सकता है।