यह ख़बर 01 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर भारत में मानसून एक हफ्ता देरी से, भीषण तपिश जारी

खास बातें

  • उत्तर भारत में मानसून की देरी के कारण भीषण गर्मी का प्रकोप रविवार को भी बना रहा, जबकि बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से प्रभावी न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नई दिल्ली:

उत्तर भारत में मानसून की देरी के कारण भीषण गर्मी का प्रकोप रविवार को भी बना रहा, जबकि बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से प्रभावी न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान एवं पंजाब समेत कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने के आदेश दे दिए गए हैं।

किसी भी फौरी राहत से इनकार करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं दिल्ली आदि राज्यों में जून के अंत तक पहुंचने वाला मानसून अब एक हफ्ते की देरी से पहुंचेगा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान औसत से चार डिग्री ऊपर 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अंशत: बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 एवं 32 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।"

भीषण गर्मी के मद्देनजर सभी सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दी गई हैं। अब यह नौ जुलाई को खुलेंगे।

पंजाब में पारा 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के मध्य होने के कारण प्राथमिक स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां नौ जलाई तक बढ़ा दी गई हैं। हालांकि माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूल अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार से ही खुल जाएंगे। एक सरकारी प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि राज्य के शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलुका ने यह निर्देश दिए हैं। ऐसे ही आदेश हरियाणा एवं राजस्थान में भी दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की सम्भावना से इनकार किया है।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि इस सप्ताह के अंत तक मानसून के राजधानी पहुंचने की सम्भावना है। रविवार सुबह लखनऊ का न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में स्कूलों को आठ जुलाई तक बंद रखने आदेश दिया गया है।

मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय न होने से उमस का असर बना रहा। मौसम विभाग को राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश होने की उम्मीद है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राज्य के पूर्वी हिस्से से आगे मानसून न पहुंचने के कारण हर तरफ  गर्मी व उमस का असर बना हुआ है। तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री पर पहुंच गया है तो ग्वालियर में 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।