यह ख़बर 03 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मानसून की बेरुखी ने बढ़ाई गर्मी

खास बातें

  • मानसून की बेरुखी के कारण दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित उत्तर भारत का अधिकांश हिस्सा भीषण गर्मी की चपेट में है।
नई दिल्ली:

मानसून की बेरुखी के कारण दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित उत्तर भारत का अधिकांश हिस्सा भीषण गर्मी की चपेट में है। यहां तक कि शिमला में 21 वर्षों में दूसरी सबसे गर्म जुलाई दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने मंगलवार को अगले 48 घंटों के अंदर मानसून के पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की है।

उधर, सूखे पड़ने की आशंका को खारिज करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा है कि देश में अनाज के पर्याप्त भंडार हैं आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "कल शहर के कुछ भागों में बारिश होने की सम्भावना है। बुधवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 40 एवं 32 डिग्री के आसपास रहेगा।"

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा, "मानसून इस हफ्ते के अंत तक आ जाएगा।"

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया, "शिमला का एक जुलाई को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री था। यह पिछले 21 वर्षों में उच्चतम अधिकतम तापमान था। तीन जुलाई 1991 को यहां 27.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।"

उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है लेकिन सोमवार को चली पुरवा हवाओं की वजह से बारिश की उम्मीद बढ़ गई थी।

मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि फिलहाल अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

गुप्ता ने बताया किथोड़े इंतजार के बाद राज्य के लोगों को भी बारिश होने से गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम के तल्ख मिजाज ने बिहारवासियों को परेशान कर रखा है। वैसे मौसमविदों के मुताबिक अगले 48 घंटे में बारिश की सम्भावना है।  

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पटना में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया में 28.7 डिग्री, पूर्णिया में 27.1 डिग्री और भागलपुर में भी इतना ही तापमान दर्ज किया गया।

मंगलवार को पटना में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री जबकि गया में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके उलट मध्य प्रदेश बारिश से तरबतर है। राजधानी भोपाल में सोमवार की शाम को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने बुरा हाल कर दिया। राजधानी में सोमवार की शाम को लगभग दो घंटे बारिश हुई। यहां करीब 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा इंदौर में भी बारिश हुई।

उधर, सूखे पड़ने की आशंका को खारिज करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने मंगलवार को यहां कहा कि मानसून के आने में दो सप्ताह की देरी जरूर हुई है, लेकिन स्थिति गम्भीर नहीं है।

पवार ने कहा, "जी हां, मानसून में दो सप्ताह की देरी हुई है... लेकिन स्थिति उतनी गम्भीर नहीं है जितनी बताई जा रही है। हम आशा करते हैं कि अगले सप्ताह से बारिश जोर पकड़ेगी।"

पवार ने कहा कि खरीफ की मुख्य फसल, धान की बुवाई 2011 की बनिस्बत 1.90 लाख एकड़ कम हुई है। पवार ने कहा, "धान की बुवाई की स्थिति चिंताजनक नहीं है।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पवार ने आश्वस्त किया कि देश में अनाज के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं। 330 लाख टन के बफर नियम के मुकाबले पहली जून को खाद्यान्न भंडार 820 लाख टन था। उन्होंने कहा, "देश में अनाज का पर्याप्त भंडार है और यदि राज्यों की ओर से मांग हुई, तो सरकार आपूर्ति के लिए तैयार है। सरकार खुले बाजार में प्रवेश करने पर उचित समय पर निर्णय लेगी।"