खास बातें
- मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने बीवीपुर गांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की, जहां महाखाप पंचायत ने कन्या भ्रूण हत्या में शामिल लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की थी।
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने उस गांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की, जिसमें महाखाप पंचायत ने बालिका भ्रूण हत्या को घृणित कृत्य करार दिया और मांग की कि इस गैर-कानूनी काम में शामिल लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए।
मुख्यमंत्री ने जींद जिले के बीबीपुर गांव के लिए इस राशि की घोषणा की है, क्योंकि इसके निवासियों विशेषकर महिलाओं ने बालिका भ्रूण हत्या की भर्त्सना करने की पहल की। एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
हुड्डा के अनुसार गांववासियों की इस पहल से न केवल हरियाणा, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने में मदद मिलेगी। बीबीपुर गांव में खाप महापंचायत में पहली बार महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखी गई। इसमें तय किया गया कि इस व्यापक सामाजिक बुराई के लिए अभियान छेड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जन आंदोलन चलाने के लिए खाप पंचायतों को आगे आना चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि राज्य सरकार ने बालिका भ्रूण हत्या पर नियंत्रण के लिए कई कार्यक्रम चलाए हैं, लेकिन प्रयासों का तभी वांछित फल निकल सकता है, जब लोग इसे पूरे दिल से सहयोग दें। उन्होंने कहा कि बालिका भ्रूणहत्या को रोकने के लिए कदम उठाकर खाप पंचायत देश में सकारात्मक बदलाव लाने में सामाजिक संस्थाओं के महत्व को दिखा सकती हैं।