यह ख़बर 18 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

बिहार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव में नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारेबाजी

खास बातें

  • बिहार में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थकों ने शुक्रवार को उनके समर्थन में भाजपा के राज्य के प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष मंगल पांडेय के नाम की औपचारिक घोषणा के अवसर पर जमकर नारेबाजी की।
पटना:

बिहार में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थकों ने शुक्रवार को उनके समर्थन में भाजपा के राज्य के प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष मंगल पांडेय के नाम की औपचारिक घोषणा के अवसर पर जमकर नारेबाजी की।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताराकांत झा ने अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री के भावी उम्मीदवार के रूप में अप्रत्यक्ष रूप से नरेंद्र मोदी का नाम लिया और उनका भाषण समाप्त होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

भाजपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से वहां उपस्थित उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत अनेक नेता आश्चर्यचकित हो गए।

झा ने नवनिर्वाचित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से लगन से काम करने की अपील की ताकि केंद्र में भाजपानीत राजग सरकार बने।

उन्होंने मोदी की ओर परोक्ष रूप से संकेत करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘सभी जानते हैं कि देश का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। मैं उनका नाम नहीं लूंगा।’’ विधानपरिषद के पूर्व सभापति का इशारा मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर ने भी मोदी का उल्लेख किया। भाजपा की बिहार में होने वाली आगामी रैली में मोदी को आना चाहिए। अब भी उनका भोज बाकी है।

सीपी ठाकुर का संकेत नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रद्द किए गए भोज की ओर था। जून 2010 में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने आए नेताओं के सम्मान में दिया गया भोज रद्द कर दिया गया था, क्योंकि बिहार के मुख्यमंत्री और नरेंद्र मोदी की एक दूसरे का हाथ थामे हुए स्थानीय अखबारों ने तस्वीर प्रकाशित कर दी थी।

ठाकुर ने कहा, ‘‘मोदी का बिहार आना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि उनका भोज अभी बाकी है।’’ इससे संभवत: उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को कुछ किरकिरी हुई होगी, क्योंकि नरेंद्र मोदी को राजग का प्रधानमंत्री पद का अगला उम्मीदवार घोषित करने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नापसंद जाहिर होने के बाद एक मोदी दूसरे मोदी से दूरी बनाकर रख रहे हैं।

नीतीश कुमार ने संकेत दिये हैं कि भाजपा यदि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का अगला उम्मीदवार घोषित करती है तो वैसी परिस्थिति में जदयू राजग से अपना संबंध विच्छेद कर देगी।

भाजपा के एक अन्य मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्साह में कहा कि दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री ने अंतिम समय में जो रात्रि भोज रद्द कर दिया, वह भाजपा के लिए एक कलंक है। पार्टी को इस कलंक को धोना होगा।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा के अन्य नेताओं के सम्मान दिया गया, जो भोज रद्द किया गया था, उस कलंक को धोना है। इस दिशा में काम करने से पार्टी का आत्मसम्मान बढ़ेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नवनिर्वाचित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में गुजरात के मुख्यमंत्री के नाम से दूरी बनाए रखी।