यह ख़बर 23 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पश्चिम बंगाल में 'सजा' के तौर पर लड़की के साथ कथित गैंगरेप

सुरी (पश्चिम बंगाल):

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में 20-वर्षीय एक आदिवासी लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार का सामना आया है। आरोप है कि ये लोग दूसरे समुदाय के लड़के से लड़की के प्रेम संबंधों के खिलाफ थे। पुलिस ने बताया कि सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए सभी 13 आरोपियों को बोलपुर के उप संभागीय न्यायिक मजिस्ट्रेट पीजूश घोष ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

लड़की के परिवार ने पुलिस में दी गई अपनी शिकायत में कहा कि घटना उनके समुदाय के लोगों की पंचायत के बाद हुई। पंचायत में इन लोगों ने लड़की के दूसरे समुदाय के लड़के से प्रेम संबंधों के लिए दंड देने का फैसला किया और फिर यह घटना हुई।

सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौधरी ने कहा, प्रथम दृष्टया यह लगता है कि लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ और हमने 13 लोगों को पकड़ा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उस युवक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे कथित तौर पर लड़की के प्रेम संबंध थे। गिरफ्तार 13 आरोपियों पर सामूहिक बलात्कार और महिला को गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है । युवक के खिलाफ आरोप स्पष्ट नहीं हैं।

स्थानीय लोगों के एक तबके ने मीडिया को बताया कि एक कंगारू अदालत के बाद आदिवासियों ने यह शर्मनाक फैसला किया, लेकिन इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। जिले में चार साल पहले इसी तरह के मामले में एक आदिवासी लड़की को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com