यह ख़बर 14 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

नीतीश ने रात्रिभोज पर राजनाथ से की मुलाकात

खास बातें

  • बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनावों से पहले राजग की रणनीति पर चर्चा की।
नई दिल्ली:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनावों से पहले राजग की रणनीति पर चर्चा की।

कुमार जदयू की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं परिषद की बैठक में शामिल होने आए हैं। इस बैठक में पार्टी के कई प्रदेश प्रमुखों ने भाजपा द्वारा उत्पीड़न और नजरअंदाज किए जाने की शिकायत की।

रात्रिभोज पर बैठक के दौरान कुमार और सिंह ने दोनों दलों के बीच समन्वय में सुधार करने के तरीकों पर चर्चा की।

कुमार के साथ पार्टी प्रवक्ता केसी त्यागी मौजूद थे जिन्होंने कहा कि ‘मित्र’ भाजपा को छोड़कर ‘शत्रु’ कांग्रेस के साथ जुडने का कोई प्रश्न ही नहीं है।

माना जा रहा है कि बैठक के दौरान कुमार और सिंह ने अन्य दलों को जोड़ने की राजग की योजना के बारे में भी चर्चा की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पार्टी की बैठक के पहले दिन जदयू ने स्पष्ट किया कि नरेंद्र मोदी को भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश करने पर उसे आपत्ति है लेकिन वह राजग को नहीं छोड़ना चाहती और वह भाजपा को प्रधानमंत्री पद का अपना उम्मीदवार घोषित करने के लिए समयसीमा का दबाव नहीं बनाएगी।