ओबामा ने जताई कामना, सारी दुनिया गांधी के बताए रास्ते पर चले

नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शांति के मसीहा महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ओबामा ने अक्सर अपने जीवन पर महात्मा गांधी के प्रभाव का जिक्र किया है।

ओबामा ने गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने हाथ जोड़कर तथा झुककर महात्मा गांधी के प्रति सम्मान प्रकट किया। राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत के बाद ओबामा सीधे राजघाट पहुंचे।

बराक ओबामा ने राजघाट पर विजिटर्स बुक (अतिथि पुस्तिका) में अंग्रेजी में लिखा, "डॉ. मार्टिन लूथर किंग (जूनियर) ने जो कहा था, वह आज भी सच है- आज भी भारत में गांधी की विचारधारा बसती है। यह पूरे विश्व के लिए एक बेहतरीन तोहफा है। कामना है कि सभी लोग और देश सदैव उनके द्वारा दिखाए गए प्रेम और शांति के पथ पर चल सकें।"

राजघाट पर अधिकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति को गांधी के प्रसिद्ध चरखे की प्रतिकृति भेंट की। ओबामा ने यहां पर पीपल का पौधा भी लगाया। 2012 में अपनी पिछली यात्रा के दौरान भी ओबामा ने गांधीजी की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। ओबामा, महात्मा गांधी का कई मौकों पर जिक्र कर चुके हैं। 2009 में नोबेल शांति पुरस्कार स्वीकार करने के दौरान भी ओबामा ने गांधी का उल्लेख किया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com