यह ख़बर 02 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बेंगलुरु : आतंकी मॉड्यूलों के मामले में एक और युवक गिरफ्तार

खास बातें

  • बेंगलुरु पुलिस ने राज्य में सामने आए आतंकवादी मॉड्यूलों की जांच तेज करते हुए लश्कर-ए-तैयबा और हूजी से कथित तौर पर जुड़े रहने के मामले में एक और युवक को गिरफ्तार किया है।
बेंगलुरु:

बेंगलुरु पुलिस ने राज्य में सामने आए आतंकवादी मॉड्यूलों की जांच तेज करते हुए लश्कर-ए-तैयबा और हूजी से कथित तौर पर जुड़े रहने के मामले में एक और युवक को गिरफ्तार किया है और इस मामले में अब तक कुल तीन लोगों को पकड़ा जा चुका है।

शहर पुलिस आयुक्त बीजी ज्योतिप्रकाश मीरजी ने कहा कि शहर पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा ने शनिवार रात मजेस्टिक इलाके के पास से 22 वर्षीय मोहम्मद अकरम को गिरफ्तार किया। वह यहां से भागने की फिराक में था। मीरजी ने संवाददाताओं से कहा, उसके पास से एक विदेश निर्मित 7.65 एमएम की पिस्तौल के साथ 16 कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि वह महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले का रहने वाला है। वह एक साल तक सऊदी अरब में रहा और भारत लौट आया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मीरजी ने कहा, यह भी पता चला है कि वह पिछले कुछ दिनों से बेंगलुरु शहर में शरण लिए हुए था और अन्य गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों के साथ बेंगलुरु एवं अन्य जगहों पर हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। हालांकि अन्य लोगों के गिरफ्तार होने के बाद वह भूमिगत हो गया और शहर से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।