यमन में फंसे 349 भारतीय देश लौटे, बचे लोगों को भी लाया जाएगा जल्द

मुंबई/कोच्चि : यमन में फंसे भारतीयों का पहला जत्था देश लौट आया है। देर रात करीब 2 बजे 168 भारतीयों को लेकर वायुसेना का C17 विमान कोच्चि पहुंचा। इसके साथ ही एक विमान मुंबई भी पहुंचा। इन दोनों विमानों के जरिये 349 भारतीयों को वापस लाया गया है।

युद्धग्रस्त किसी देश से भारतीयों को वापस लाने के लिए ये सबसे बड़े मिशनों में से एक है। वापस लाए गए इन लोगों में कुछ नर्सें और श्रमिक भी शामिल हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गृहयुद्ध के बीच से बचा कर लाए गए इन लोगों के स्वागत के लिए कोच्चि में राज्य के दो मंत्री और एर्नाकुल्लम के ज़िला मजिस्ट्रेट हवाई अड्डे पर मौजूद थे। वहीं मुंबई में महाराष्ट्र के पर्यटन और विधायी मामलों के मंत्री प्रकाश मेहता तथा सांसद किरीट सोमैय्या हवाई अड्डे पर लोगों की अगवानी करने के लिए मौजूद थे।

भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यमन में फंसे दूसरे लोगों को भी जल्द ही वापस भारत लाया जाएगा। यमन में करीब पांच हज़ार भारतीय रहते हैं।

रक्षा सूत्रों ने बताया कि बचाए गए लोगों से संबंधित कागजी कार्रवाई लंबित होने के कारण मुंबई आने वाला विमान जिबूती से समय पर उड़ान नहीं भर सका था। सूत्रों ने बताया कि कई लोगों के पास उनके पासपोर्ट तक नहीं थे इसलिए उड़ान में देरी हुई।

(इनपुट्स भाषा से भी)