Click to Expand & Play
नई दिल्ली:
दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ-साथ कोहरे ने भी अपना कहर शुरू कर दिया है। दिल्ली में आज तड़के से घना कोहरा है, जिसकी वजह से विज़िबिलिटी काफी कम है। इससे यातायात पर काफी असर पड़ा है। भारी कोहरे की वजह से करीब 50 ट्रेनें देर से चल रही हैं। साथ ही 12 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे के मुताबिक, 20 ट्रेनें 10 से ज्यादा घंटे की देरी से चल रही हैं। साथ ही दो ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। इसके अलावा दो ट्रेनों को रद्द किया गया था। यही नहीं कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होने से करीब 36 उड़ानों पर भी असर पड़ा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सुबह 7 बजे का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दिल्ली में कल का दिन 11 साल में सबसे ठंडा दिन रहा। पहाड़ी इलाकों में हो रही ज़बरदस्त बर्फ़बारी से निचले इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है। अमृतसर में भी तापमान में तेजी से गिरावट आई है। कई इलाकों में कोहरे और धुंध की वजह से रेल और यातायात काफी प्रभावित हुआ है।
मैदानी इलाक़ों में ठंड और कोहरे का असर दिख रहा है तो पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। गुलमर्ग की बात करें तो यहां तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है। बर्फबारी की वजह से सैलानी काफी खुश हैं और यहां जमकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। गुलमर्ग में इन दिनों शीत खेलों का आयोजन किया जाता है, इसकी वजह से इस वक्त बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे हुए हैं। गुलमर्ग के अलावा भी घाटी के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है।