पाकिस्तान ने गुजरात तट के पास 12 मछुआरों, दो नौकाओं को पकड़ा

पाकिस्तान ने गुजरात तट के पास 12 मछुआरों, दो नौकाओं को पकड़ा

प्रतीकात्मक तस्वीर

अहमदाबाद:

पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने आज गुजरात तट के पास से 12 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और दो नौकाओं को जब्त कर लिया।

‘नेशनल फिशवर्क्‍स फोरम’ (एनएफएफ) के सचिव मनीष लोधारी ने बताया कि पीएमएसए ने इन मछुआरों को आज अंतरराष्ट्रीय समुद्र सीमा रेखा के पास गिरफ्तार किया है। ये मछुआरे पांच-छह दिन पहले गुजरात के द्वारका जिला स्थित तटीय शहर ओखा से रवाना हुए थे।

लोधारी ने बताया, ‘‘यहां लौटे मछुआरों से हमें इस घटना का पता चला। हमें बताया गया कि मछली पकड़ने की दो नौकाओं पर सवार 12 मछुआरों को पाकिस्तान समुद्र सुरक्षा एजेंसी ने पकड़ लिया है और उन्हें कराची ले जाया गया है।’’

पीएमएसए ने पिछले साल जनवरी, मार्च, अप्रैल और अक्तूबर में गुजरात से कम से कम 198 मछुआरों को गिरफ्तार किया था और मछली पकड़ने की 35 नौकाएं जब्त कीं थीं।

भारतीय तटरक्षकों ने कल भारतीय समुद्र क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने वाली एक पाकिस्तानी नौका और 11 पाकिस्तानी मछुआरों को कच्छ जिला में जखाउ तट से पकड़ा था। मौजूदा समय में करीब 440 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी की जेलों में कैद हैं और इनमें से अधिकतर गुजरात से हैं। इसके अलावा मछली पकड़ने की तकरीबन 860 नौकाएं पाकिस्तान के कब्जे में हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

एनएफएफ ने हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मछुआरों और उनकी नौकाओं को वापस लाने के लिए प्रयास शुरू करने का अनुरोध किया था।