'प्रधानमंत्री नहीं, 'प्रधान संतरी' बनकर काम कर रहा हूं' : मथुरा में पीएम मोदी की कही 10 खास बातें

'प्रधानमंत्री नहीं, 'प्रधान संतरी' बनकर काम कर रहा हूं' : मथुरा में पीएम मोदी की कही 10 खास बातें

मथुरा:

पीएम नरेंद्र मोदी केंद्र में अपनी सरकार का एक साल पूरा होने के मौके पर मथुरा में जनकल्याण रैली को संबोधित किया। इस रैली का 130 देशों में लाइव टेलीकास्ट किया गया।

पढ़ें उनके भाषण के दस मुख्य अंश-

1.) मैंने वादा किया था कि मैं प्रधानमंत्री नहीं, 'प्रधान संतरी' बनकर बैठूंगा। सवा सौ देशवासियों की तिजोरी की रखवाली कर रहा हूं। चोरी लूट का खेल बंद करवाया है।

2.) अगर 2014 में चुनाव नहीं होता तो 2015 तक देश कितना डूब गया होता। आपने इतना बड़ा फैसला न किया होता तो आज स्थिति और खराब होती। जब यूपीए की सरकार थी, तब बुरे दिन थे। रिमोट की सरकार थी या नहीं। रोज नया भ्रष्टाचार था।

3.) सत्ता के दलालों के बुरे दिन आ गए हैं। अब उनका चीखना जरूरी है। उनके और बुरे दिन आने वाले हैं। इनके अच्छे दिन नहीं आएंगे।

4.) बुरे माहौल में लोगों ने 2014 में बदलाव का फैसला लिया। आप परिवर्तन लाए हैं। बुरे दिन गए या नहीं। बुरे काम बंद हुए। बुरे कारनामे बंद हुए। बुरी सोच गई। बुरे हालात बदले। पिछले एक साल में कहीं से कोई घोटाले की खबर नहीं आई। कोई भाई-भतीजा वाद की खबर नहीं है।

5.)60 साल में तीन लाख से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। इसके लिए जिम्मेदार कौन है, इस पर राजनीति नहीं करनी, हमें मिल बैठकर हल ढूंढना है। किसान मेहनत करना जानता है। उसकी मेहनत बेकार हो रही है। सॉइल हेल्थ कार्ड बनाने का काम हो रहा है। यह काम आने वाले तीन सालों में पूरा किया जाएगा। किसान को इससे सबसे ज्यादा फायदा होगा।

6.) देश में कुछ लोगों को पेंशन दी जाती है। इस देश में 32 लाख लोग ऐसे हैं, जिनको 100-200 रुपया पेंशन मिलता था और हमारी सरकार ने यह राशि 1000 रुपये तक कर दी।

7.) आज 12 रुपये में कफन नहीं मिलता, मेरी सरकार ने एक साल में 12 रुपये में बीमा देने का काम किया है। आपके खेत में काम करने वालों, घर में काम करने वालों को इससे सीधे लाभ होगा। यह योजना गरीबों के लिए है। इससे सामाजिक सुरक्षा का आभास होगा।

8.) महंगाई को रोकने में इस सरकार ने सफलता पाई है। विदेशी पूंजी भी देश में बढ़ी है। एक साल में 25 हजार करोड़ विदेशी पूंजी आई है। पिछली सरकार की तुलना में आठ गुना ज्यादा है। तमाम निवेशकों का भारत में विश्वास जगा है। देश से बाहर जाने वाले निवेशकों में 90 प्रतिशत की कमी आई है।

9.)हर रोज एक कानून खत्म करने की बात मैंने की थी। ये कानून लोगों को परेशान करते हैं, इसलिए हमारी सरकार ने कई कानून समाप्त कर दिए। इससे देश पर बोझ कम होगा और आगे भी ऐसे गैर-जरूरी कानून खत्म करेंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

10.) हिन्दुस्तान को गरीबी से लड़ना है तो नौजवानों को रोजगार मिलना चाहिए। देश में छह लाख पर्यटक ज्यादा आए हैं। इससे लोगों का फायदा हुआ है। 2022 तक हर गरीब के पास घर होना चाहिए। गरीबी के खिलाफ लड़ाई के लिए फौज तैयार कर रहे हैं।