बेटी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पुलिसवाले की पिटाई

जालंधर:

जालंधर में शनिवार को एक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहे युवकों को जब पीड़ित के पिता ने रोका तो युवकों के समूह ने एक साथ मिल कर पिता की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में घायल पिता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जालंधर के जीटीबी नगर इलाके में आज देर शाम राजकीय रेल पुलिस में बतौर हेड कांस्टेबल कार्यरत गुरमीत सिंह नामक व्यक्ति अपनी नाबालिग बेटी (15) को कोचिंग से लेकर घर जा रहे थे। इस दौरान एक युवक ने लड़की पर टिप्पणी की। गुरमीत ने इसका विरोध किया।

उन्होंने बताया कि लड़का नहीं माना और उनके साथ बहस करने लगा। इसके बाद अचानक दर्जन भर लड़के मौके पर पहुंच गए और उनलोगों ने एक साथ मिल कर सिंह की पिटाई कर दी। सिंह को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित का बयान दर्ज किया जा रहा है।