यह ख़बर 09 अप्रैल, 2012 को प्रकाशित हुई थी

प्रियंका ने आगरा से की ग्रीनाथॉन-4 की शुरुआत

खास बातें

  • आगरा के दशहरा घाट से यमुना नदी में सफाई अभियान के साथ प्रियंका चोपड़ा ने इस वर्ष का ग्रीनाथॉन-4 मुहिम का शुभारंभ किया है।
आगरा:

आगरा के दशहरा घाट से यमुना नदी में सफाई अभियान के साथ प्रियंका चोपड़ा ने इस वर्ष का ग्रीनाथॉन मुहिम का शुभारंभ किया है। प्रियंका चोपड़ा इस मुहिम की कैंपेन अम्बेसेडर भी हैं। प्रियंका के साथ कार्यक्रम के होस्ट एनडीटीवी के ग्रुप सीईओ विक्रम चंद्रा भी मौजूद थे।

दुनिया में सुप्रसिद्ध ताजमहल के समीप यमुना में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस बार मुहिम के केंद्र में पर्यावरण को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान पर रखा गया है। नदी में भी प्लास्टिक से हो रहे प्रदूषण को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

एनडीटीवी और टोयोटा के इस साझे कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के अलावा कुछ गैर-सरकारी संगठन में शामिल हो रहे हैं। आईसीपीई नाम की संस्था एकत्र प्लास्टिक को रिसाइकिल करेगी। जल प्रदूषण से आगरावासी परेशान हैं। इसी परेशानी को दूर करने का भी यह एक प्रयास है।

उल्लेखनीय है कि 20 मई को लगातार 12 घंटे का विशेष टीवी कार्यक्रम रखा गया है। पिछले वर्ष आयोजित ग्रीनाथॉन-3 में 11 करोड़ रुपये जुटाए गए थे जिन्हें सैकड़ों गांवों को रोशन करने में इस्तेमाल किया गया था। वहीं ग्रीनाथॉन एक और दो से अब तक 200 गांवों तक सौर ऊर्जा के जरिए रोशनी की जा चुकी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस मौके पर विक्रम चंद्रा, प्रियंका चोपड़ा के अलावा, अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमण, संस्थापक और अध्यक्ष 'स्वेच्छा' विमलेंदु झा, डायरेक्टर जनरल सीएसई सुनीता नारायन, आरजे रेडियो मिर्ची रोहित वर्गीस भी उपस्थित थे।